06:41 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत ने इंग्लैंड को हराया
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को चार रन से हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम छह विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना पाई और यह मैच चार रन से हार गई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना पदक पक्का कर लिया है। अब फाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। फाइनल मैच भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे होगा।
06:37 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: इंग्लैंड का छठा विकेट गिरा
इंग्लैंड का छठा विकेट गिर चुका है। स्नेह राणा ने भारत को छठी सफलता दिलाई है।
06:31 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: इंग्लैंड का पांचवां विकेट गिरा
इंग्लैंड का पांचवा विकेट गिर चुका है। कप्तान नताली स्कीवर 40 रन बनाकर आउट हो चुकी है। इसके साथ ही भारतीय टीम की पकड़ मैच में मजबूत हो चुकी है। इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन की जरूरत है। धीमी ओवर गति के कारण भारत को पेनाल्टी मिली है और अब आखिरी ओवर में सिर्फ तीन खिलाड़ी 30 गज के बाहर हैं।
06:24 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरा
135 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरा है। इसके साथ ही भारतीय टीम मैच में वापस लौट चुकी है। स्नेह राणा की गेंद को मिड ऑफ में खेलने के बाद एमी जोन्स एक रन लेना चाहती थीं, लेकिन राधा यादव ने सही थ्रो करके उन्हें आउट कर दिया। अब इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी दो ओवरों में 27 रन की जरूरत है।
06:20 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: एमी जोन्स और स्कीवर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
एमी जोन्स और कप्तान स्कीवर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड ने 17 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 135 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम बैकफुट पर आ गई है। इंग्लैंड की टीम को आखिरी तीन ओवरों में जीत के लिए 30 रन की जरूरत है।
06:12 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: इंग्लैंड का स्कोर 100 के पार
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 100 रन से ज्यादा का स्कोर बना लिया है। एमी जोन्स और नताली स्कीवर के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है और भारतीय टीम फिर मैच में पिछड़ रही है।
05:52 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: इंग्लैंड की टीम का तीसरा विकेट गिरा
स्नेह राणा ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। 81 के स्कोर पर इंग्लैंड का तीसरा विकेट गिरा है। उन्होंने यॉट को 35 के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर मैच में भारत की वापसी कराई है।
05:40 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत को दूसरा विकेट मिला
भारत को दूसरा विकेट रन आउट के रूप में मिला है। कैप्सी दूसरा रन भागने के प्रयास में रन आउट हो गईं। उन्होंने आठ गेंदों में 13 रन बनाए। खतरनाक दिख रही साझेदारी टूट चुकी है। अब भारत को इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाना होगा।
05:36 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: इंग्लैंड का स्कोर 50 के पार
इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। पावरप्ले में इंग्लैंड ने एक विकेट के नुकसान पर 58 रन बना लिए हैं। यहां से इंग्लैंड के लिए 165 रन का लक्ष्य आसान नजर आ रहा है। यॉट और कैप्से के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को मैच में वापसी करने के लिए जल्द ही यह साझेदारी तोड़नी होगी।
05:24 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत को पहला विकेट मिला
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने पहला विकेट गंवा दिया है। 28 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा है। दीप्ती शर्मा ने डंकली को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। डंकली ने 19 रन बनाए। हालांकि, इंग्लैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है और चार ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 42 रन बना लिए हैं।
04:59 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत ने बनाए 164 रन
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 164 रन बनाए। टीम के लिए स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने 32 गेंद पर 61 रन की शानदार पारी खेली। उनके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज ने 31 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। जेमिमा ने अपनी पारी में सात चौके लगाए। दीप्ति शर्मा ने 20 गेंद पर 22, हरमनप्रीत कौर ने 20 गेंद पर 20 और शेफाली वर्मा ने 17 गेंद पर 15 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए फ्रेया केम्प ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
04:27 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत को लगा तीसरा झटका
भारत को तीसरा झटका हरमनप्रीत कौर के रूप में लगा। कप्तान हरमनप्रीत 20 गेंद पर 20 रन बनाकर फ्रेया केम्प की गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। हरमन के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज क्रीज पर आई हैं। भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट पर 113 रन बना लिए हैं।
04:24 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत के 100 रन पूरे
भारत के 100 रन पूरे हो गए हैं। टीम इंडिया ने 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
04:07 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: स्मृति मंधाना भी हुईं आउट
भारत को दूसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। मंधाना तूफानी अर्धशतक लगाने के बाद आउट हो गईं। उन्होंने 32 गेंद पर 61 रन बनाए। इस दौरान आठ चौके और तीन छक्के लगाए। मंधाना पीछे की ओर बाउंड्री लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गईं। नटाली स्कीवल की गेंद पर वॉन्ग ने उनका कैच लिया। मंधाना के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आ गई हैं।
04:04 PM, 06-Aug-2022
T20 Live: भारत को लगा पहला झटका
भारत को पहला झटका आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। शेफाली वर्मा 17 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हो गईं। शेफाली ने अपनी पारी में दो चौके लगाए। शेफाली ने स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की।