10:26 PM, 18-Jul-2022
बिहार के सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह नहीं कर सके मतदान
बिहार के सहकारिता व और गोपालगंज से भाजपा विधायक सुभाष सिंह सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में वोट नहीं डाल सके। मतदान समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा विधायक व राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी पर्यवेक्षक संजय सरावगी ने कहा कि हमारी पार्टी के विधायक और राज्य मंत्री सुभाष सिंह बीमार होने के कारण वोट नहीं डाल सके। वह वर्तमान में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली में भर्ती हैं।
05:24 PM, 18-Jul-2022
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान खत्म
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान की अवधि शाम पांच बजे खत्म हो गई। इसी के साथ संसद में मतपेटियों को बंद कर दिया गया। अब 21 जुलाई को चुनाव के नतीजों का एलान होगा।
04:45 PM, 18-Jul-2022
तमिलनाडु: पीपीई किट पहनकर वोट देने पहुंचे पनीरसेल्वम
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव में पीपीई किट पहनकर वोट देने पहुंचे। उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं।
04:32 PM, 18-Jul-2022
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राष्ट्रपति चुनाव में अपना वोट डालने के लिए राज्य विधानसभा पहुंची। गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की तरफ से उम्मीदवार बनाए गए यशवंत सिन्हा टीएमसी छोड़कर ही उम्मीदवार बने हैं।
04:01 PM, 18-Jul-2022
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।
03:33 PM, 18-Jul-2022
वोट डालने पहुंचीं सोनिया गांधी
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, शशि थरूर ने संसद पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।
03:30 PM, 18-Jul-2022
हरभजन सिंह और गौतम गंभीर ने डाला वोट
आम आदमी पार्टी के सांसद हरभजन सिंह ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग की। इसके साथ ही भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने मतदान किया। दोनों ही नेता टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर रहे हैं।
03:24 PM, 18-Jul-2022
हरियाणा: सीएम खट्टर ने डाला वोट
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर चंडीगढ़ में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।
02:45 PM, 18-Jul-2022
मुलायम, शरद पवार, मनसुख मंडाविया ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला।

02:07 PM, 18-Jul-2022
ओडिशा कांग्रेस विधायक ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया
ओडिशा कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि मैं एक कांग्रेस विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।
यूपी से सपा विधायक ने की क्रॉस वोटिंग
उत्तर प्रदेश में सपा के बरेली जिले के भोजीपुरा विधायक शहजील इस्लाम ने राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की।
01:55 PM, 18-Jul-2022
AIUDF विधायक का दावा- 20 से अधिक कांग्रेस विधायकों ने की 'क्रॉस वोटिंग'
असम से AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने दावा करते हुए कहा है कि असम में कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के मुताबिक, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिला अध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।

01:35 PM, 18-Jul-2022
राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग
राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग होने की खबर सामने आई है। गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल एस जडेजा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्होंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।
शिरोमणि अकाली दल के विधायक ने किया राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट
शिरोमणि अकाली दल बादल में बगावत हो गई है। हलका दाखा के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी हाईकमान पर गंभीर आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट कर दिया है। पंजाब में गठबंधन टूटने के बावजूद अकाली दल बादल ने बीजेपी की राष्ट्रपति प्रत्याशी को वोट करने का फैसला किया था। लेकिन अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी के फैसले को दरकिनार कर राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट कर दिया है | कुछ देर पहले लाइव होकर विधायक अयाली ने अपने इस फैसले की जानकारी दी।
12:16 PM, 18-Jul-2022
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने किया मतदान
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।

11:39 AM, 18-Jul-2022
गोवा के सीएम ने डाला वोट
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100% वोटिंग होगी और हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू जी को ज्यादा से ज्यादा वोट मिलेंगे।