10:50 PM, 02-Dec-2022
इस्लामिक राष्ट्रों संग संबंध और योग पर भी बोले पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि 2014 में उनके पद संभालने के बाद से भारत ने सऊदी अरब जैसे इस्लामिक राष्ट्रों के साथ मजबूत संबंध विकसित किए हैं। 5 दिसंबर को दूसरे चरण के मतदान के प्रचार के अंतिम दिन यहां एक रोड शो का नेतृत्व करने के बाद एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। पीएम ने दावा किया कि विपक्षी दल और उसकी सरकारों ने परिवार, रिश्तेदारों और लोगों के लिए करदाताओं का पैसा बहाया।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत ने इस्लामिक राष्ट्रों के साथ मजबूत संबंध विकसित किए हैं। यह मेरे लिए और साथ ही हर गुजराती के लिए गर्व की बात है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब और बहरीन जैसे देशों ने मुझे अपने शीर्ष पुरस्कारों से सम्मानित किया है। योग अब सऊदी अरब में आधिकारिक पाठ्यक्रम का हिस्सा है। बहरीन और अबू धाबी में भी मंदिर बन रहे हैं।
09:38 PM, 02-Dec-2022
पीएम मोदी ने खत्म किया गुजरात चुनाव प्रचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में शुक्रवार को 31 से अधिक रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तीन बड़े रोड शो का नेतृत्व भी किया। इसके साथ उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए अपने प्रचार का समापन कर दिया। गुजरात में 93 सीटों के लिए दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 5 दिसंबर को होगा। 89 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान एक दिसंबर को हुआ था। पीएम मोदी के अहमदाबाद में हुए रोड शो को भाजपा ने सबसे लंबा और सबसे बड़ा बताया है। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तय की गई। शहर की 13 विधानसभा सीटों और गांधीनगर की एक विधानसभा सीट से होकर यह रोड शो गुजरा।
09:38 PM, 02-Dec-2022
अमित शाह ने किया रोड शो
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वडोदरा में रोड शो किया।
08:43 PM, 02-Dec-2022
प्रधानमंत्री ने ईओएस-06 द्वारा ली गई गुजरात की तस्वीरें साझा कीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को भारत के नवीनतम भू-पर्यवेक्षण उपग्रह ईओएस-06 द्वारा ली गई गुजरात की कुछ तस्वीरें साझा कीं। पीएम ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की दुनिया में यह प्रगति चक्रवातों की बेहतर भविष्यवाणी करने और तटीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करेगी। भारत अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के भरोसेमंद पीएसएलवी ने शनिवार को एक ईओएस और आठ अन्य उपग्रहों को कई कक्षाओं में सफलतापूर्वक पहुंचा दिया। इसरो ने इस उपलब्धि को अद्वितीय करार दिया था।
08:43 PM, 02-Dec-2022
कांग्रेस में गुलामी की मानसिकता: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर सरदार वल्लभभाई पटेल को सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजों के साथ काम करने के बाद उस पार्टी में गुलामी की मानसिकता आ गई। गुजरात के आणंद जिले के सोजित्रा कस्बे में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ सरदार पटेल से ही नहीं, बल्कि भारत की एकता से भी परेशानी है, क्योंकि उनकी राजनीति फूट डालो और राज करो की नीति पर आधारित है। इसके विपरीत सरदार पटेल सब को एकजुट करने में विश्वास करते थे। इस भारी अंतर के कारण कांग्रेस ने सरदार पटेल को कभी अपना नहीं माना।
08:40 PM, 02-Dec-2022
परेश रावल के खिलाफ पुलिस में शिकायत
अभिनेता परेश रावल के खिलाफ गुजरात में एक चुनावी रैली में दिए गए बयान को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता मोहम्मद सलीम का आरोप है कि रावल का बयान बंगाली समुदाय के खिलाफ नफरती भाषण के समान है।
07:22 PM, 02-Dec-2022
खरगे का आरोप- भाजपा ने पांच लाख सरकारी पद नहीं भरे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। खरगे ने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने पांच लाख से ज्यादा सरकारी और अर्ध-सरकारी विभागों की रिक्तियां खाली छोड़ दीं, क्योंकि ये इनमें आधे से ज्यादा पद दलित, आदिवासी और अन्य पिछड़ी जाति के उम्मीदवारों के लिए थी। खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्य में अत्याचार के मामलों में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दलितों और आदिवासियों का उत्पीड़न भी बढ़ा है।
06:58 PM, 02-Dec-2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अहमदाबाद में रोड शो शुरू हो चुका है। इसके पहले उन्होंने भद्रकाली मंदिर में पूजा-पाठ की।
06:49 PM, 02-Dec-2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। यहां वह अभी भद्रकाली मंदिर में पूजा कर रहे हैं। इसके बाद वह एक लंबे रोड शो में शामिल होंगे। पीएम मोदी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
04:50 PM, 02-Dec-2022
गुजरात के आणंद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी अभी ईवीएम-ईवीएम बोलने लगी है। हालांकि, उसकी मानसकिता गुलामी वाली है, उनके समय में सिर्फ घोटाला होता था।
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'पावागद में 500 साल पहले आक्रांताओं ने मां काली की मूर्ती तोड़ी गई थी, लेकिन कांग्रेस ने उस मूर्ति को नहीं बनवाया। कांग्रेस अंग्रेजों जैसा काम करती है, लोगों को जातपात के नाम पर लड़ाती है।' प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस हार को देखकर ईवीएम पर आरोप लगाती है।
04:46 PM, 02-Dec-2022
Rapar Assembly Seat: शक्ति सिंह गोहिल को हराने वाले विधायक को BJP ने दिया टिकट
कच्छ जिले की रापर सीट पर एक उपचुनाव समेत 14 चुनाव हो चुके हैं। इस बार भाजपा ने यहां से वीरेंद्रसिंह बहादुरसिंह जडेजा को अपना उम्मीदवार बनाया है। जडेजा ने 2017 के चुनाव में कच्छ जिले की ही मांडवी सीट से गुजरात कांग्रेस के दिग्गज नेता शक्ति सिंह गोहिल को हराया था। कांग्रेस ने इस बार बच्चूभाई अरेठिया को टिकट दिया है।
पढ़ें इस सीट के सियासी समीकरण...
03:10 PM, 02-Dec-2022
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'मोदी कहते हैं कि कांग्रेस और विपक्ष उन्हें दो किलो गालियां देते हैं। लेकिन आपका (मोदी) तो कांग्रेस को गाली दिए बिना खाना तक नहीं पचता। आप हम लोगों को चार क्विंटल गाली देते हैं। कभी मुझे, कभी राहुल गांधी को और कभी सोनिया गांधी को। लेकिन हम कुछ नहीं कहते।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, 'यह एक महत्वपूर्ण चुनाव है क्योंकि पीएम खुद सड़कों और गांवों में घूम रहे हैं और दिखा रहे हैं कि उन्हें चिंता है। मुझे समझ नहीं आया क्यों? मोदी यह नहीं कहते कि विकास के लिए वोट दें, उनकी विचारधारा के लिए वोट दें या उम्मीदवारों को वोट दें। विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव, मोदी हर चुनाव में 'उसे' वोट देने की बात कहते रहते हैं। लेकिन लोगों ने आपको (मोदी को) इतनी बार वोट दिया है। वह 'मैंने यह बनाया' या 'मैंने वह बनाया' का राग अलापते रहते हैं।
02:12 PM, 02-Dec-2022
गुजरात में दूसरे चरण के मतदान के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से युद्ध स्तर पर प्रचार करने में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज सबसे पहले भगवान ओगड़नाथ मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे बनासकांठा के नाथपुरा गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में कुल चार रैलियां करेंगे। बनासकांठा रैली के बाद दूसरी रैली पाटण के यूनिवर्सिटी ग्राउंड, तीसरी रैली आणंद के सीबी पटेल इंग्लिश मीडियम स्कूल और आखरी रैली अहमदाबाद के विक्रम मिल कंपाउंड में होगी।
01:07 PM, 02-Dec-2022
कांग्रेस का बड़ा प्लान
गुजरात चुनाव को लेकर बड़ी खबर आ रही है। बताया जाता है कि अभी से कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए प्लान भी बनाना शुरू कर दिया है। इसके अनुसार, अगर गुजरात में कांग्रेस को जीत मिलती है तो ओबीसी वर्ग से किसी को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा सरकार में तीन उप-मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें एक आदिवासी, एक दलित और एक अल्पसंख्यक वर्ग से होगा। पहले चरण के मतदान के बाद गुरुवार रात अहमदाबाद में कांग्रेस नेताओं की उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसी में यह फैसला लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, इसको लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी से भी बात की है।
01:02 PM, 02-Dec-2022
क्या अहमद पटेल की बेटी मुमताज भी सियासी मैदान में उतरेंगी?
कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल की बेटी मुमताज ने अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि हम बदलाव की वकालत कर रहे हैं। इस बार यहां कांटे की टक्कर है।
पढ़ें पूरी खबर...