09:54 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: दिल्ली की शानदार जीत
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से हरा दिया है। उसने 110 रन के लक्ष्य को नौ ओवर में ही हासिल कर लिया। दिल्ली के लिए कप्तान मेग लैनिंग, एलिस कैप्सी और शेफाली वर्मा ने तूफानी पारी खेली। तीनों ने तेजी से रन बनाए। एलिस कैप्सी ने सर्वाधिक नाबाद 38 रन बनाए। उन्होंने 17 गेंद की पारी में सिर्फ एक चौका लगाया। कैप्सी के बल्ले से पांच लंबे-लंबे छक्के निकले। कप्तान मेग लैनिंग 22 गेंद पर 32 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने चार चौके लगाए। शेफाली वर्मा ने 15 गेंद पर छह चौकों की मदद से 33 रन बनाए। लैनिंग और शेफाली ने एक-एक छक्का भी लगाया। मुंबई के लिए इकलौती सफलता हीली मैथ्यूज को मिली।
09:40 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: जीत की ओर दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स की टीम धीरे-धीरे जीत के करीब पहुंच गई है। उसने सात ओवर में एक विकेट पर 89 रन बना लिए हैं। कप्तान मेग लैनिंग 18 गेंद पर 29 रन बनाकर खेल रही हैं। वहीं, शेफाली वर्मा के बाद आई एलिस कैप्सी भी तेजी से रन बना रही हैं। कैप्सी नौ गेंद पर 20 रन बनाकर खेल रही हैं। दिल्ली को जीत के लिए 78 गेंद पर 21 रन बनाने हैं।
09:31 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: दिल्ली को लगा पहला झटका
दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका पांचवें ओवर में लगा। हीली मैथ्यूज ने शेफाली वर्मा को विकेटकीपर यास्तिका भाटिया के हाथों स्टंप कराया। उन्होंने 15 गेंद पर 33 रन बनाए। शेफाली ने छह चौके लगाए। उन्होंने एक छक्का भी लगाया। दिल्ली ने पांच ओवर में एक विकेट पर 59 रन बना लिए हैं। मेग लैनिंग 23 और एलिस कैप्सी एक रन बनाकर खेल रही हैं।
09:21 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: दिल्ली की तूफानी शुरुआत
दिल्ली कैपिटल्स ने 110 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए तूफानी शुरुआत की है। उसने तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के 33 रन बना लिए हैं। शेफाली वर्मा नौ गेंद पर 18 और कप्तान मेग लैनिंग नौ गेंद पर 15 रन बना लिए हैं।
08:58 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को कम स्कोर पर रोका
दिल्ली कैपिटल्स ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस को कम स्कोर पर रोक दिया। मुंबई की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 109 रन ही बना सकी। उसके लिए पूजा वस्त्राकर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 23, इस्सी वोंग 23 और अमनजोत कौर 19 रन बनाकर आउट हुईं। अमेलिया केर ने आठ, हीली मैथ्यूज पांच और यास्तिका भाटिया एक रन ही बना सकीं। नताली सीवर ब्रंट खाता भी नहीं खोल सकीं। दिल्ली के लिए मरिजान कैप ने कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए। शिखा पांडे और जेस जोनासेन को भी दो-दो सफलता मिली। अरुंधति रेड्डी ने एक विकेट अपने नाम किया।
08:33 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: मुंबई को लगा छठा झटका
मुंबई इंडियंस को छठा झटका शिखा पांडे ने दिया। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर को आउट कर दिया। हरमनप्रीत 26 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स ने उनका कैच लिया। मुंबई ने 15 ओवर में छह विकेट पर 74 रन बनाए हैं। अमनजोत कौर और इस्सी वोंग क्रीज पर हैं।
08:19 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: मुंबई को लगा पांचवां झटका
मुंबई इंडियंस को पांचवां झटका जेस जोनासेन ने दिया। उन्होंने पूजा वस्त्राकर को राधा यादव के हाथों कैच कराया। पूजा ने 19 गेंद पर 26 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। पूजा के बल्ले से एक छक्का भी निकला।
08:03 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: मुंबई को लगा चौथा झटका
मुंबई को चौथा झटका अरुंधति रेड्डी ने दिया। उन्होंने अमेलिया केर को तानिया भाटिया के हाथों कैच कराया। अमेलिया 16 गेंद पर आठ रन ही बना सकीं। मुंबई ने आठ ओवर में चार विकेट पर 24 रन बना लिए हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर सात और पूजा वस्त्राकर तीन रन बनाकर खेल रही हैं।
07:48 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: हीली मैथ्यूज भी हुईं आउट
मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका चौथे ओवर में लगा। शिखा पांडे ने हीली मैथ्यूज को पवेलियन भेज दिया। मैथ्यूज 10 गेंद पर पांच रन बनाकर जेमिमा रोड्रिग्स को कैच थमा बैठीं। मुंबई ने चार ओवर में तीन विकेट पर 13 रन बना लिए हैं।
07:39 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: मुंबई को लगा दूसरा झटका
मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका मरिजान कैप ने ही दिया। उन्होंने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर नताली सीवर ब्रंट को क्लीन बोल्ड कर दिया। नताली पहली ही गेंद पर आउट हो गईं। वह खाता नहीं खोल सकीं। उनके आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आई हैं।
07:37 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: मुंबई को लगा पहला झटका
दिल्ली कैपिटल्स को पहली सफलता मरिजान कैप ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर दिलाई। उन्होंने यास्तिका भाटिया को विकेटकीपर तानिया भाटिया के हाथों कैच कराया। यास्तिका छह गेंद पर एक रन ही बना सकीं।
07:11 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस: हीली मैथ्यूज, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नताली सीवर ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमेलिया केर, इस्सी वोंग, पूजा वस्त्राकर, अमनजोत कौर, हुमैरा काजी, जिंतिमनी कलिता, सायका इशाक।
दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, एलिस कैप्सी, जेमिमा रोड्रिग्स, मरिजान कैप, तान्या भाटिया (विकेटकीपर), जेस जोनासेन, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, शिखा पांडे, पूनम यादव।
07:02 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Live Score: मुंबई की टीम पहले करेगी बल्लेबाजी
मुंबई इंडियंस की टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करेगी। दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दिल्ली ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया। मुंबई ने धारा गुज्जर की जगह पूजा वस्त्राकर को शामिल किया है।
06:14 PM, 20-Mar-2023
MI vs DC Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से हराया, नौ ओवर में ही बना लिए 110 रन
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग में 18वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। मुंबई के छह मैचों मे 10 अंक हैं। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के छह मैचों में आठ अंक हैं। अगर आज दिल्ली की टीम जीतती है तो उसके शीर्ष पर जाने की उम्मीदें बनी रहेंगी।