RSS का फर्जी फोटो ट्वीट कर फंसे खत्री, मुकदमा
Updated Sat, 12 Dec 2015 12:46 PM IST
(फोटो सौजन्य ABP)
यह भी पढ़ें
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री समेत तीन नेताओं के खिलाफ शहर के सदर थाना में शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया गया। उनके खिलाफ आरएसएस कार्यकर्ता अजीत सिंह चाहर ने तहरीर दी थी। आरोप है कि उन्होंने छह दिसंबर को चाहर के तीन साल पुराने फोटो का गलत इस्तेमाल कर उन्हें चेन्नई का जेवर चोर बताते हुए अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया।
छवि धूमिल करने और आईटी एक्ट की धारा के तहत दर्ज कराए गए केस में खत्री के अलावा मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता मेहुल मारू और कांग्रेस नेता मनीष कुमार को नामजद कराया गया है। अजीत चाहर का आरोप है कि निर्मल खत्री के साथ मनीष कुमार ने भी उनका पुराना फोटो टैग किया था।
मेहुल मारू ने डेढ़ साल पहले इसी फोटो को फेसबुक एकाउंट पर अपलोड कर लिखा था कि छेड़छाड़ करते संघ कार्यकर्ता की पिटाई करती पुलिस। अजीत चाहर के मुताबिक, वास्तव मेंयह फोटो नवंबर 2012 का है। आगरा में आंदोलन के दौरान पुलिस ने भाजपाइयों पर लाठीचार्ज किया था। तब यह फोटो अखबार में छपा था।
सीओ सदर असीम चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच के आधार पर कार्रवाई तय की जाएगी। उधर, एफआईआर दर्ज किए जाने से पूर्व अजीत चाहर ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि पुलिस केस दर्ज करने के बजाय जांच में मामला लटका रही है।
- निर्मल खत्री ने छह दिसंबर को अपने फेसबुक पेज पर अजीत चाहर काफोटो पोस्ट किया था।
- इसके नीचे लिखा, चेन्नई : मदद के बहाने जेवर चोरी करते पकड़े गए संघ के कार्यकर्ता।
- चाहर का दावा है कि आगरा में नवंबर 2012 में हुए पुलिस लाठीचार्ज का यह फोटो अखबारों में छपा था।
- आरोप है कि खत्री ने तीन साल पुराने इस फोटो का गलत इस्तेमाल कर संघ के बारे में दुष्प्रचार किया।
इन धाराओं में केस
आईपीसी की धारा 469
आरोप : किसी की ख्याति को क्षति पहुंचाने की दुर्भावना से इलेक्ट्रानिक रिकार्ड तैयार कर प्रयोग करना।
सजा : दोष सिद्ध होने पर तीन साल की सजा का प्रावधान है।
आईटी एक्ट की धारा 66 डी
आरोप : किसी की छवि धूमिल करने के लिए गलत दस्तावेज का इस्तेमाल करना।
सजा : दोष सिद्ध होने पर तीन साल की सजा का प्रावधान है।
अजीत चाहर का आरोप है कि जिस फोटो का गलत इस्तेमाल कर उन्हें निर्मल खत्री और मनीष कुमार ने अब चेन्नई का जेवर चोर बताया है, उसी फोटो को डेढ़ साल पहले मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता मेहुल मारू ने फेसबुक पर अपलोड किया था। तब पोस्ट किया गया था, बेशर्मी, आरएसएस वाला एक लड़की को छेड़ रहा था, पुलिस ने पीटा।
सफाई दे चुके हैं खत्री
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने नौ दिसंबर को मेरठ में सफाई दी कि एक न्यूज चैनल के लिंक से लिया गया था यह फोटो, गलती से अपलोड हो गया था, सच्चाई पता चलते ही इसे हटा लिया गया।
भाजपाइयों-कांग्रेसियों में हो सकता है टकराव
आगरा में 17 दिसंबर को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पदयात्रा प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री को भी आना है। खुफिया पुलिस की रिपोर्ट है कि कार्यक्रम के दौरान भाजपाई उनका विरोध कर सकते हैं। ऐसे में भाजपाइयों का कांग्रेसियों के साथ टकराव भी हो सकता है। इसे ध्यान में रखकर ही सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। भाजपाइयों की योजना पर भी पुलिस की नजर लग गई है।
यह भी पढ़ें