जम्मू। गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत पर वीरवार को त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ता और नेता ढोल की थाप पर खूब झूमे। उन्होंने एक दूसरे को मिठाई बांटकर खुशी मनाई। इस दौरान भारत माता की जय और मोदी समर्थक नारे लगाए गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि भविष्य में भी पार्टी अपना जीत अभियान जारी रखेगी।
प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि गुजरात में भाजपा ने भारी जीत दर्ज का इतिहास रचा है। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जनता ने सबका साथ, सबका विकास के नाम पर भाजपा को समर्थन दिया है। लोगों ने शांति, सुरक्षा और विकास के लिए भाजपा को वोट दिया है। हिमाचल में भी लोगों ने खुले दिल से भाजपा को वोट दिया है। उन्होंने दावा किया कि जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा 50 से अधिक का आंकड़ा पार करेगी और यहां अपनी सरकार बनाएगी। इस दौरान महासचिव विबोध गुप्ता, डॉ. देवेंद्र कुमार मनियाल आदि मौजूद रहे।