{"_id":"6188d8001778163fbe39fe79","slug":"nawab-malik-vs-sameer-wankhede-a-timeline-of-allegations-counter-allegations","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"आर्यन खान ड्रग्स केस : 38 दिन में समीर वानखेड़े पर महाराष्ट्र के मंत्री मलिक ने 12 बड़े आरोप लगाए, पढ़िए कब क्या कहा?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
टाइमलाइन
आर्यन खान ड्रग्स केस : 38 दिन में समीर वानखेड़े पर महाराष्ट्र के मंत्री मलिक ने 12 बड़े आरोप लगाए, पढ़िए कब क्या कहा?
आर्यन खान क्रूज ड्रग्स केस को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक लगातार घेरने की कोशिश में जुटे हुए हैं। दो अक्तूबर को आर्यन खान को एनसीबी ने ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया था।
छह अक्तूबर को पहली बार नवाब मलिक मीडिया के सामने आए और एनसीबी की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए। तब से अब तक यानी इन 38 दिनों में मलिक ने वानखेड़े पर 12 बड़े आरोप लगाए हैं।
06 अक्तूबर 2021
मलिक का पहला आरोप
नवाब मलिक : क्रूज पर छापेमारी की कार्रवाई एक साजिश है। कार्रवाई के दौरान भाजपा के पूर्व नेता मनीष भानुशाली और धोखाधड़ी के मामले में आरोपी केपी गोसावी मौजूद थे। केपी गोसावी को एनसीबी ने गवाह बनाया है। समीर वानखेड़े : एनसीबी की कार्रवाई निर्धारित नियम और कानून के तहत हुई है।
09 अक्तूबर 2021
मलिक का दूसरा आरोप
नवाब मलिक : क्रूज पर छापेमारी के दौरान एनसीबी ने कई लोगों को बिना पूछताछ किए छोड़ दिया। इसमें भाजपा नेता मोहित कंबोज का रिश्तेदार भी शामिल था। महाराष्ट्र भाजपा के बड़े नेताओं ने केंद्र सरकार की मदद से उसे एनसीबी के चंगुल से बाहर करवाया। एनसीबी डिप्टी डीजी ज्ञानेश्वर सिंह : एनसीबी पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद है। ये काल्पनिक बयान दिया गया है।
12 अक्तूबर 2021
वानखेड़े का दावा- पुलिस मेरा पीछा कर रही
समीर वानखेड़े : महाराष्ट्र के पुलिसकर्मी मेरा पीछा कर रहे हैं। मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है और मेरी जान को खतरा है। एनसीबी : समीर वानखेड़े की सुरक्षा बढ़ा दी गई और उन्हें सुरक्षित कार उपलब्ध कराया गया। केंद्र सरकार ने जेड प्लस की सुरक्षा दी।
14 अक्तूबर 2021
दामाद को लेकर मलिक का बयान
नवाब मलिक : एनसीबी ने मेरे दामाद समीर खान के पास से 200 किलो हर्बल तंबाकू को गांजा के रूप में दिखाने की कोशिश की। एजेंसी को मेरे दामाद के पास से कुछ बरामद नहीं हुआ था। समीर वानखेड़े : समीर खान के बेल के खिलाफ हम बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
16 अक्तूबर 2021
मलिक ने कहा- सब प्लांटेड था
नवाब मलिक : आर्यन खान ड्रग्स केस के गवाह फ्लेचर पटेल एनसीबी के तीन मामलों में गवाह के तौर पर पेश हो चुका है। पटेल और एनसीबी जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े की बहन यासमीन वानखेड़े एक-दूसरे को काफी अच्छे से जानते हैं। यासमीन के साथ एक फोटो भी फ्लेचर पटेल की है। इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए यासमीन को लेडी डॉन कहा गया है।
यासमीन वानखेड़े : ये द्वेषपूर्ण आरोप है। मैं नवाब मलिक के खिलाफ मानहानि का केस फाइल करुंगी।
21 अक्तूबर 2021
वसूली का आरोप लगाया
नवाब मलिक : समीर वानखेड़े बॉलीवुड के हस्तियों से वसूली करते हैं। मलिक ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि वानखेड़े उस वक्त मालद्वीव में थे, जब कई फिल्मी हस्तियां वहां छुट्टी मनाने गए थे। समीर वानखेड़े : मैं अपने परिवार के साथ मालद्वीव गया था। इसके लिए मैंने विभाग से अनुमति भी ली थी।
24 अक्तूबर 2021
गवाह ने ही बड़ा आरोप लगा दिया
प्रभाकर सैल (आर्यन खान ड्रग केस का गवाह) : मैंने केस के दूसरे गवाह केपी गोसावी को शाहरूख खान के किसी करीबी से बात करते हुए सुना था। गोसावी 25 करोड़ रुपए की डिमांड कर रहा था और 18 करोड़ में डील फाइनल करने की बात कर रहा था। गोसावी ने फोन पर ही कहा था कि इसमें से आठ करोड़ वानखेड़े को देना है।
समीर वानखेड़े : सारे आरोप बेबुनियाद है।
25 अक्तूबर 2021
नाम और धर्म पर सवाल
नवाब मलिक : समीर वानखेड़े ने आईआरएस की नौकरी पाने के लिए फर्जी दस्तावेज लगाए हैं। उनका पूरा नाम समीर दाऊद वानखेड़े है। जन्मतिथि प्रमाण पत्र में वानखेड़े ने फर्जीवाड़ा किया है। वह मुस्लिम हैं और उनके पिता ने अपने आप को दलित बताया।
समीर वानखेड़े : मेरे पिता एक हिंदू हैं और मेरी मां ज़ाहीदा मुस्लिम थीं। मैं सच्ची भारतीय परंपरा में एक समग्र, बहुधार्मिक और धर्मनिरपेक्ष परिवार से ताल्लुक रखता हूं। मुझे अपनी विरासत पर गर्व है।
06 नवंबर 2021
ऑडियो जारी किया
नवाब मलिक ने अपने ट्विटर पर एक ऑडियो जारी किया। दावा किया कि इस ऑडियो में बात करने वाले दो लोगों में एक स्टेलिन डिसूजा है तो दूसरा एनसीबी अधिकारी है। स्टेलिन डिसूजा का नाम इस मामले में तब सामने आया था, जब प्रभाकर सैल ने आरोप लगाया था कि किरण गोसावी और स्टेलिन के बीच आर्यन खान मामले में 25 करोड़ की रिश्वत की बात हुई है। इसमें आठ करोड़ रुपये समीर वानखेड़े को दिए जाने हैं।
07 नवंबर 2021
भाजपा नेता की एंट्री
नवाब मलिक : एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े ने भाजपा नेता मोहित कंबोज की मदद से साजिश रची। मोहित कंबोज की समीर वानखेड़े से गहरी दोस्ती है। दोनों मिलकर उगाही का धंधा चलाया। दोनों ने ही साजिश के तहत आर्यन खान को किडनैप किया था। यह एक तरह से अपहरण और फिरौती का मामला है।
मोहित कंबोज : सुनील पाटिल और नवाब मलिक पिछले 20 सालों से दोस्त हैं। सुनील पाटिल जब ललित होटल में पार्टी करते थे तो नवाब मलिक भी वहां जाया करते थे। आज नवाब मलिक ने उनके साथ अपने संबंधों की पुष्टि की है और यह सुनील पाटिल के साथ एनसीपी द्वारा स्थापित एक साजिश है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि एक मंत्री जिसका ड्रग तस्करों से संबंध है, क्रूज पार्टी में शामिल था।
07 नवंबर 2021
मलिक की मुश्किलें बढ़ीं
समीर वानखेड़े के पिता ध्यानदेव काचरूजी वानखेड़े ने बॉम्बे हाईकोर्ट में महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया। दायर केस में समीर वानखेड़े के पिता ने नवाब मलिक पर चरित्र और प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है।
8 नवंबर 2021
वानखेड़े की साली पर आरोप
नवाब मलिक : समीर दाउद वानखेड़े, क्या आपकी साली हर्षदा दीनानाथ रेडकर ड्रग व्यापार में शामिल है? तुम्हें जवाब जरूर देना चाहिए। क्योंकि, उसका केस पुणे हाईकोर्ट में लंबित है।' इसके साथ ही मलिक ने पेंडिंग केस के सबूत पेश किए हैं।
समीर वानखेड़े : 2008 में उनकी साली हर्षदा दीनानाथ रेडकर का ड्रग केस सामने आया था। तब मैं नौकरी में ही नहीं था, इसके आलवा उन्होंने हर्षदा की बहन क्रांति रेडकर से 2017 में शादी की थी। एनसीपी नेता के सवाल पर वानखेड़े ने कहा कि जब मैं नौकरी में ही नहीं था और उस समय क्रांति रेडकर से मेरी शादी नहीं हुई थी तो मैं इस मामले से कैसे जुड़ा हो सकता हूं।
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।