06:11 PM, 26-Jun-2022
त्रिपुरा के लोगों को भी कहा धन्यवाद
PM मोदी ने कहा कि मैं त्रिपुरा के लोगों को हमारे विकास का एजेंडा में विश्वास जताने और CM माणिक साहा सहित हमारे उम्मीदवारों को उपचुनाव में जीत का आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हमारी सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करती रहेगी। मैं कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं।
06:05 PM, 26-Jun-2022
पीएम मोदी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपचुनाव में भाजपा को चुनने के लिए आंध्र प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
02:48 PM, 26-Jun-2022
त्रिपुरा: सीएम मानिक साहा ने बचाई अपनी कुर्सी
त्रिपुरा की टाउन बारदोवली सीट पर भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंंत्री मानिक साहा ने 6,104 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। साहा को 17,181 वोट मिले हैं। साहा की जीत के साथ ही उनकी मुख्यमंत्री की कुर्सी भी बच गई है। दरअसल, साहा अभी तक विधानसभा के सदस्य नहीं थे। ऐसे में सीएम पद पर बने रहने के लिए उनके लिए चुनाव जीतना जरूरी था।
02:11 PM, 26-Jun-2022
मांडर में कांग्रेस प्रत्याशी आगे
झारखंड की राजधानी रांची के मांडर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। सातवें चरण में सत्ताधारी गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की गंगोत्री कुजूर से कड़े मुकाबले में 4,957 मतों की बढ़त हासिल हो गई है।
02:03 PM, 26-Jun-2022
निर्णायक बढ़त की ओर भाजपा प्रत्याशी निरहुआ
भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ को 220041 मत मिले। सपा के धमेंद्र यादव को 209187 वोट जबकि बीएसपी के गुड्डू जमाली को 181175 वोट मिले। निरहुआ 10854 वोटों से निर्णायक बढ़त की ओर हैं।
01:46 PM, 26-Jun-2022
राजिंदर नगर सीट पर आप का कब्जा
दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर बीते दिनों हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को 10867 वोटों से जीत मिली है, जबकि 27304 वोटों के साथ भाजपा के राजेश भाटिया दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, कांग्रेस एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी केवल 1696 वोट ही हासिल कर पाई।
01:15 PM, 26-Jun-2022
मान की जीत तय
संगरूर को कुछ ही देर में नया एमपी मिल जाएगा। विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली आम आदमी पार्टी अपनी जमीन खोती दिख रही है। अकाली दल अमृतसर के सिमरनजीत सिंह मान सबसे आगे चल रहे हैं। उनकी जीत लगभग तय है।
01:13 PM, 26-Jun-2022
निरहुआ 848 वोटों से आगे
आजमगढ़ उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी निरहुआ 848 वोटों से आगे हैं।
12:43 PM, 26-Jun-2022
रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी आगे
रामपुर में भी लगातार बढ़त बनाए हुए सपा प्रत्याशी पिछड़ गए हैं। अब भाजपा के घनश्याम लोधी आगे हो गए हैं। आजमगढ़ में भाजपा के निरहुआ ने लगातार बढ़त बना रखी है।
12:21 PM, 26-Jun-2022
आंध्र प्रदेश: आत्मकूर में वाईएसआर कांग्रेस की जीत
आंध्र प्रदेश की आत्मकूर सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है। यहां प्रत्याशी एम. विक्रम रेड्डी ने 82,742 वोटों से अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के जी भरत कुमार को हराया है।
11:47 AM, 26-Jun-2022
त्रिपुरा: टाउन बारडोवली से सीएम मानिक साहा जीते
त्रिपुरा की टाउन बारडोवली सीट से भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री मानिक साहा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 6104 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं यहां की जबराजनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। सूरमा सीट पर भी भाजपा को बढ़त है। अगरतला में कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप रॉय बर्मन आगे चल रहे हैं।
11:31 AM, 26-Jun-2022
त्रिपुरा में तीन सीटों पर भाजपा और एक पर कांग्रेस आगे
त्रिपुरा में चार विधानसभा में से तीन सीटों पर भाजपा तो कांग्रेस एक विधानसभा सीट पर आगे है। टाउन बारडोवाली सीट पर छह राउंड की मतगणना के बाद सीएम माणिक साहा 4,363 मतों से आगे चल रहे हैं।
10:51 AM, 26-Jun-2022
धर्मेंद्र यादव 9231 वोट से आगे निकले
आजमगढ़ लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव 9231 वोट से आगे निकल गए हैं। बीएसपी प्रत्याशी गुड्डू जमाली दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी निरहुआ तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। धर्मेंद्र यादव को 42,297 वोट मिले हैं। गुड्डू जमाली को 33,310 मत प्राप्त हुए हैं। जबकि निरहुआ को 32,987 वोट मिले।
10:44 AM, 26-Jun-2022
झारखंड: कांग्रेस प्रत्याशी आगे
झारखंड की मांडर सीट पर हुए उपचुनाव की पहले राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। अब तक कुल 10447 वोटों की गिनती हुई है। यहां कांग्रेस व भाजपा के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है। फिलहाल कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रही हैं।
10:40 AM, 26-Jun-2022
रामपुर प्रशासन की ओर से जारी लोकसभा उप चुनाव मतगणना परिणाम
राउंड पांच--
- भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी को 56524 वोट।
- सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 58223 वोट।
- संयुक्त समाजवादी दल प्रत्याशी हरिप्रकाश आर्य को 631 वोट।
- निर्दलीय प्रत्याशी इम्तियाज उर रहमान खान को 209 वोट।
- निर्दलीय प्रत्याशी कपिल मुनी को 333 वोट।
- निर्दलीय प्रत्याशी शिव प्रसाद को 310 वोट।
- नोटा को 732 वोट।
दूसरे राउंड के बाद परिणाम - कुल मतों की गणना 116964। पांचवें राउंड के बाद सपा प्रत्याशी आसिम राजा 1697 वोट से भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी से आगे चल रहे हैं।