लठियाणी (ऊना)। क्षेत्र के कैहलवीं में शनिवार देर सायं पानी भरने को लेकर महिलाओं के दो गुटों में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों गुटों से लगभग तीन महिलाएं चोटिल हुई हैं। पुलिस ने घटना के संदर्भ में क्रास केस दर्ज कर मामले की तहकीकात आरंभ कर दी है। एफआईआर में चार महिलाआें सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान दोनों गुटों ने एक दूसरे पर जमकर लात घूंसे बरसाए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर रास्ता रोककर मारपीट करने के आरोप जडे़ हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्पा देवी पत्नी जीवन निवासी कैहलवीं ने बताया कि जब वह शनिवार सायं अपने पुत्र राजीव कुमार सहित पानी भर रही थीं तो कुशमा देवी पत्नी गगन सिंह, अनीता देवी पत्नी मनीष कुमार और किरण पत्नी सुभाष ने उनका रास्ता रोक कर उनके साथ मारपीट की। उधर, दूसरे गुट से अनीता देवी पत्नी मनीष कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह नलके से पानी भर रही थीं तो पुष्पा देवी पत्नी जीवन सिंह और उसके पुत्र राजीव कुमार ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने दोनों गुटों की शिकायतों पर धारा 341, 323 और 34 आईपीसी के तहत क्रास मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।