अंब (ऊना)। उपमंडल मुख्यालय अंब में नए खुले अग्निशमन केंद्र में दो कर्मचारी आपस में ही भिड़ गए। इस दौरान एक कर्मचारी ने दूसरे पर ब्लेड से वार कर उसे जख्मी कर दिया है। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जबकि पुलिस ने घटनाक्रम के संदर्भ में आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारियाें में मारपीट गाड़ी को बडूही ले जाने के कारण हुए विवाद के चलते हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंब के फायर स्टेशन में कार्यरत जरनैल सिंह पुुत्र शेर सिंह निवासी लोअर अंदोरा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह बडूही में अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद फायर स्टेशन के चालक चरणजीत सिंह के कहने पर गाड़ी लेकर स्टेशन से चला गया, लेकिन जब वह बडूही से वापस फायर स्टेशन पहुंचा तो चरणजीत सिंह उसके साथ इस बात पर बहस करने लगा कि वह गाड़ी लेकर बडूही क्यों गया। इतने में जब जरनैल ने उसी के कहने पर गाड़ी ले जाने की बात कही तो चरणजीत सिंह हाथापाई पर उतारु हो गया। इसी दौरान चरणजीत सिंह ने हाथ में आए ब्लेड से जरनैल सिंह की बाजुओं और छाती पर कई वार कर डाले, जिससे वह घायल हो गया। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि जरनैल सिंह की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर घटना के संदर्भ में चरणजीत सिंह के खिलाफ धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।