ऊना। सदर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के एक गुट द्वारा बनाई जा रही बूथ कमेटियों में भाजपाइयों के नाम होने से मामला गर्म हो गया है। ऊना शहर के कुछ वार्डों में बनाई गई कांग्रेस की बूथ कमेटियों में भाजपाइयों के नाम शामिल होने पर वीरवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी आस्था भाजपा में है और विधायक सतपाल सत्ती के नेतृत्व में ऊना का विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस के नेताओं ने चाटुकारिता के अलावा ऊना के विकास की तरफ कभी भी ध्यान नहीं दिया है। यह बात विश्राम गृह में ऊना शहरी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद नगर परिषद ऊना की अध्यक्ष ममता कश्यप, जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष उर्मिला चौधरी एवं भाजपा नेता पुष्पा देवी ने संयुक्त रूप से कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ लोगों के नाम कांग्रेस द्वारा जारी की गई बूथ कमेटियों में दर्शाए गए हैं, जो पूर्णतया गलत हैं। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता कांग्रेस की बैठक में नहीं गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आपसी लड़ाई में फर्जी बैठकें कर इस प्रकार की कमेटियां बना रहे हैं और अपनी मर्जी से लोगों के नाम लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों के नाम लिखने पर कांग्रेस नेताओं को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऊना के विकास को सतपाल सत्ती ने जिस प्रकार से तेज गति दी है, उसके चलते ऊना विधानसभा क्षेत्र आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनने की तरफ अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जनता ने शिमला में कांग्रेस को विदाई दे दी है अब बढ़ती महंगाई के चलते देश में से भी कांग्रेस की विदाई तय है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता व पार्षद विनोद पुरी, निर्मल दास शंकर, भाजपा कार्यकर्ता बलराम, सरवन, रामपाल, जुगल किशोर, संतोष देवी, सुषमा देवी, विद्या देवी, राम दास, संजीव कुमार, दीपक, अवतार सिंह, ऊषा देवी, कुकेंद्र, ओमप्रकाश, राजेंद्र, कमलदेव एवं सुनीता देवी भी उपस्थित थीं।