टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के साथ लगते नंगल खुर्द में मंगलवार को एक विवाहिता ने जहर निगल लिया। इसके चलते उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मृतका के पति को नामजद कर लिया है, जबकि छानबीन आरंभ कर दी गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति पंजाब के किसी स्थान पर काम करता है, जो अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राणो देवी पत्नी सुखविंद्र सिंह निवासी नंगल खुर्द ने मंगलवार को जहर निगल लिया। इसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई। महिला को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचा दिया है। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने घटना की छानबीन आरंभ कर दी है। महिला के पति सुखविंद्र सिंह को आईपीसी की धारा 498ए और 306 के तहत नामजद किया गया है। जल्द ही मृतका के पति को दबोच लिया जाएगा।