ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार स्नेचरों ने एक महिला को निशाना बना डाला। भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में स्नेचरों की ओर से वारदात को अंजाम दिए जाने की घटना से लोगों में दहशत है। वहीं बाइकों पर घूम रहे ऐसे स्नेचर और लुटेरे पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन चुके हैं। ऊना नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक घटनाएं एकाएक बढ़ने के चलते सभी लोग दहशत में हैं।
ताजा घटनाक्रम में मंगलवार सुबह घर से मंदिर जा रही रितु पुरी पत्नी राकेश पुरी निवासी आदर्शनगर ऊना की ऊना-हमीरपुर रोड पर चोरों ने चेन चुरा ली। हालांकि महिला ने दिलेरी दिखाते हुए स्नेचरों का मुकाबला करने का प्रयास किया। इसके चलते आधी चेन को स्नेचर ले उड़े, जबकि आधी चेन महिला के ही हाथ में रह गई। घटना के फौरन बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। एसएचओ सदर आरआर ठाकुर ने पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंच कर छानबीन आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनाक्रम की छानबीन कर रही है। एसएचओ ने अपील की है कि ऐसे मामलों में कम से कम बाइक नंबर तक अवश्य पुलिस को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया कि महिला से मामले की जानकारी ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को धर दबोचा जाएगा।