टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के बाथड़ी में रविवार मध्य रात्रि हुई आगजनी की घटना में चार परिवारों के सिर से छत उठ गई। आगजनी में लगभग एक लाख रुपए की संपत्ति के स्वाहा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। घटना में प्रभावित होने वाले चारों परिवार उद्योग कामगारों के हैं। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके चलते अन्य झुग्गियों को आग से बचा लिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाथड़ी में एक उद्योग के समीप स्थित झुग्गियों में मध्य रात्रि अचानक आग लग गई।
घटना के दौरान कामगारों के परिवार झुग्गियों में सो रहे थे। अंदर सो रहे लोगों को बेतहाशा गर्मी अनुभव हुई, तो वह फौरन उठे और जागने के बाद का मंजर देखकर सब लोग हैरत में रह गए। उसी वक्त कामगारों ने शोर मचाना आरंभ दिया, जिसे सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने फौरन आग बुझाने के प्रयास आरंभ कर दिए। लेकिन आग पर काबू पाए जाने तक चार झुग्गियां जलकर राख हो चुकी थी।
एसएचओ हरोली हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। आगजनी में लगभग एक लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।