गगरेट (ऊना)। होशियारपुर मार्ग पर पंजाब सीमा के साथ लगते पंजाब क्षेत्र में बोड़ी नामक स्थान पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में लगभग 30 यात्री घायल हो गए हैं। इसमें से पांच यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी को होशियारपुर स्थित अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि दुर्घटना के बाद बस चालक फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब के होशियापुर पुलिस के डीएसपी हैडक्वार्टर दिग्विजय कपिल की अगुवाई में पुलिस दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार देर शाम लगभग साढ़े छह बजे पैप्सू रोडवेज संख्या पीबी-13पी-5361 जो कि कांगड़ा जिले के ज्वालाजी से संगरूर की ओर जा रही थी। बोड़ी नामक जगह पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें मौके पर ही दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया, जबकि पांच यात्रियों की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। घटनास्थल के दोनों ओर लगभग दो घंटे तक दूर-दूर तक जाम लगा रहा।
डीएसपी दिग्विजय कपिल ने बताया कि इस सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई है। हादसे के दौरान बस में कुल 57 यात्री सवार थे। पांच की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।