ऊना। प्रदेश ब्राह्मण सभा की बैठक रविवार को ऊना में प्रदेशाध्यक्ष डा. भूषण कुमार जोशी की अध्यक्षता में हुई। इसमें आने वाले समय में आयोजित होने वाले ब्राह्मण सभा के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को लेकर मुख्य रूप से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सभा के पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। इस दौरान सभी वक्ताओं ने ऊना में करवाए गए पिछले दो महासम्मेलनों की सराहना की। इस बार प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन करवाए जाने के लिए दस जून को ज्वालाजी में बैठक होगी। इसमें कोर कमेटी सदस्य, जिला प्रभारी और जिला सचिव भाग लेंगे। बैठक में सदस्यों ने आर्थिक आधार पर आरक्षण देने पर भी चर्चा की। प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा गठित कोर कमेटी अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कमेटी द्वारा किए जा रहे कार्यों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रदेशाध्यक्ष डा. जोशी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरक्षण के मुद्दे पर किसी भी राजनीतिक पार्टी को टीका टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। बैठक में ब्राह्मण सभा के युवा प्रदेशाध्यक्ष संजीव दत्ता ने आए हुए प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों से युवाओं को सभा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश कार्यकारिणी के प्रथम चरण की घोषणा कर दी गई है तथा शीघ्र ही द्वितीय चरण में अन्य सदस्यों को भी सभा के साथ जोड़ा जाएगा। जिला मंडी के अध्यक्ष जीपी शर्मा ने कहा कि जिला मंडी में ब्राह्मण समाज द्वारा किए जा रहे ब्राह्मण कल्याण के कार्य किसी से छिपे नहीं हैं। महासभा के प्रदेश प्रवक्ता कालीदास शर्मा ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक सभा को संगठित किया जाना चाहिए। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेष राम अवस्थी ने कहा कि सभा के कार्यों में राजनीति से परहेज किया जाना चाहिए। प्रदेश महासचिव प्रीतम भारती ने बताया कि कार्यकारिणी के सदस्याें और पदाधिकारियों के शिनाख्ती कार्ड जल्द जारी किए जा रहे हैं। बैठक में ओम प्रकाश शर्मा, परमानंद शास्त्री, संतोष शर्मा, माया शर्मा, केडी शर्मा, मोहन लाल शर्मा, जगदीश प्रसाद, मनोरमा शर्मा, आशुतोष शर्मा, धर्मपाल, प्रेम सागर, शिव किशोर वासुदेव, टीसी शर्मा, शतनजीव सहोल, प्रेम चंद शर्मा, सुशील शर्मा व गिरिजा व्यास शर्मा समेत कई सदस्यों ने भाग लिया।