लठियाणी (ऊना)। कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी ने लठियाणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का कार्य नलूट में शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने लठियाणी में जमकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सोनिया गांधी के पक्ष में नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ता लठियाणी बाजार में कांग्रेस के झंडे लेकर प्रदर्शन करते हुए सड़क पर उतरे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बाद कांग्रेसियों ने एक बैठक का भी आयोजन किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि कुटलैहड़ कांग्रेस की आगामी बैठक 27 मई को आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी रणनीति तय होगी। लठियाणी पंचायत के प्रधान महेंद्र सिंह ने कुटलैहड़ के विधायक से मांग की है कि वह अपनी मंशा जाहिर करें कि कहां भवन का निर्माण करना है। जिला परिषद सदस्य सत्या देवी ने कहा कि वह आम जन मानस की मांग रख रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति से मेरा कोई लेना देना नहीं है। सत्या देवी ने कहा कि वह इसका एफिडेविट सरकार को दे चुकी हैं कि नलूट में काम शुरू किया जाए। इसके बाद वह स्टे वापस ले लेंगी। इस रोष प्रदर्शन में पूर्व पीसीसी रविंद्र फौजी, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राम नाथ शर्मा, कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देसराज गौतम, बलदेव कुटलैहड़िया, जिला कांग्रेस के प्रवक्ता विजय डोगरा, विवेक विकू, बीडीसी गोपाल सैणी, कुटलैहड़ कांग्रेस एससीएसटी सैल के अध्यक्ष रूमेल धीमान, राम नाथ शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक मिंका, बुधान के प्रधान शिवनाथ, तनोह के प्रधान गुरदेव सूरज, टयूगंली के पूर्व प्रधान प्रकाश चंद, लठियाणी के पूर्व उपप्रधान सतीश कुमार, चमन लाल फोरमैन, तनोह के उपप्रधान किशोरी लाल शर्मा, दुर्गादास वर्मा, हरवंस लाल, केवल कृष्ण, मलकीयत सिंह, सुरेश कुमार व सूबेदार मंगतराम शर्मा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
क्या है मामला
लठियाणी में पीएचसी निर्माण पर जिप सदस्य सत्या देवी ने कोर्ट से स्टे लगा रखा है। भाजपा लठियाणी में पीएचसी निर्माण से स्टे हटाने की कांग्रेस से मांग कर रही है, लेकिन कांग्रेस लठियाणी के बजाय नलूट में पीएचसी बनवाना चाहती है। इसी मसले पर भाजपा और कांग्रेस में तनातनी चल रही है।