चिंतपूर्णी (ऊना)। पिछले वर्ष धोखाधड़ी कर पंजाब नेशनल बैंक से लगभग 15 लाख रुपए निकलवाने के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। जबकि न्यायालय में पेश किए जाने पर दोनों को पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 सितंबर 2011 को पंजाब नेशनल बैंक भरवाईं के मैनेजर ने जाली चैक द्वारा बैंक से लगभग 15 लाख रुपए धोखे से निकालने के संदर्भ में एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके चलते शिव हरि अंध विद्यालय के प्रधान केवल कृष्ण शर्मा, कोषाध्यक्ष सरोज कुमारी एवं अन्यों को आरोपी बनाया गया था। इसी मामले में केवल कृष्ण आदि को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जो बाद में अदालत द्वारा जमानत पर छोड़े गए थे। जबकि इसी केस में अन्य दो वांछित आरोपियों नितिन त्यागी पुत्र भूलन त्यागी निवासी हरमुखपुरी गोबिंदपुर जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश एवं दीपक पुत्र रणवीर सिंह निवासी गण जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पांच-पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चिंतपूर्णी थाने के सहायक उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, एचएचसी केवल खान एवं आरक्षी विजय कुमार के नाम शामिल हैं। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि पुलिस घटना के संदर्भ में छानबीन कर रही है।