अंब (ऊना)। दहेज कम लाने के लिए प्रताड़ना का शिकार हो रही एक महिला ने अंब थाने मे दस्तक देते हुए पुलिस से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चंचला देवी पुत्री मिलखी राम निवासी लाहड़ जिला हमीरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी शादी 10 फरवरी 2009 को दिनेश कुमार पुत्र भजन लाल निवासी धर्मशाला महंता के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद उसका पति एवं ससुराल पक्ष के लोग दहेज कम लाने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे।
इस दौरान ससुरालियों ने चंचला को मानसिक एवं शारीरिक यातनाएं देकर बुरी तरह प्रताड़ित किया। ससुरालियों की यातनाओं से तंग आकर महिला ने पुलिस की शरण में जाने की ठान ली।
एसपी सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ धारा 498ए, 323 और 34 आईपीसी के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ छानबीन आरंभ कर दी है।