लठियाणी (ऊना)। क्षेत्र में गैर पंजीकृत प्रवासी लोगाें की बढ़ती तादाद के कारण आपराधिक घटनाओं के बढ़ने का अंदेशा भी लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि सरकार एवं प्रशासन इससे बेखबर हैं। आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस एवं प्रशासन अनेक कदम उठा रही है, लेकिन क्षेत्र में बाहरी क्षेत्र के लोगों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार व उत्तर प्रदेश सहित अनेक प्रदेशों के बाहरी लोगों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। वे क्षेत्र में आकर मजदूरी एवं अन्य कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा वे क्षेत्र में कपड़ा, इलेक्ट्रानिक सामान, घड़ी, चश्मे व छल्ले आदि बेचते हैं। बाहरी क्षेत्रों से आए लोग जहां गांव-गांव में जाकर अपने धंधे को चमका रहे हैं, वहीं इन लोगों द्वारा हर गांव के गली व मोहल्लों की जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं, जो कभी भी बड़ी आपराधिक वारदात का कारण बन सकती है। इसका सीधा अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि इनमें से अधिकतर बाहरी लोग गैर पंजीकृत हैं। बताया जा रहा है कि इनके काम धंधों के लेन देन भी हजारों रुपयों में हो रहे हैं। इसका सरकारी खजाने में भी किसी प्रकार के कर का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। स्थानीय लोगों प्रेम दास, संजीव कुमार, कर्म चंद, सतपाल, जगदीश, रमेश चंद, प्रकाश चंद, राजेंद्र सिंह व अश्वनी सिंह का कहना है कि प्रशासन इस तरफ पूरा ध्यान दे, जिससे लोगों को आने वाली समस्याओं से निजात मिल सके। उधर, बंगाणा के थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि जल्द ही इस दिशा में अभियान छेड़ कर गैर पंजीकृत लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।