सोलन की अंजना रही प्रथम
सोलन। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद एससीईआरटी सोलन में राज्यस्तरीय निबंध आलेख प्रतियोगिता में सोलन की अंजना कुमारी ने बाजी मारी है। उन्हें पांच हजार नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दूसरे नंबर पर चंबा कालेज के छात्र भुवनेश कुमार आए। इन्हें तीन हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। तीसरे नंबर पर रहे रामपुर बुशहर कालेज के छात्र विनोद कुमार को दो हजार नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
संस्थान के प्राचार्य डा रमेश वर्मा ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के समन्वयक डा सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि वर्ष 2011-12 के लिए राज्यस्तरीय निंबध आलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता गृह मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में प्रत्येक वर्ष एससीईआरटी सोलन में होती है। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश के कालेजों से आलेख आमंत्रित होते हैं। मूल्यांकन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा संस्थान में ही करवाया जाता है तथा पुरस्कारों की घोषणा की जाती है।