पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा से कुंजा मतरालियों सड़क पर दोपहिया वाहनों की टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाइक चालक सोनू तथा स्कूटर चालक संदीप के वाहनों की टक्कर हो गई, जिसमें दोनों को चोटें आई हैं। घायलों को पांवटा अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल को नाहन रेफर किया गया, लेकिन परिजन उत्तराखंड के निजी अस्पताल ले गए हैं। उधर, थाना प्रभारी भगत राम मेहता ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
जिला हाकी प्रतियोगिता आज से शुरू
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला हाकी संघ सिरमौर अध्यक्ष विजेश गोयल ने बताया कि 25 से 27 जनवरी तक प्रतियोगिता चलेगी। इसमें जिले के प्रतिभाशाली हाकी खिलाड़ी भाग लेंगे। हाकी संघ के महासचिव पंकज शकलानी तथा कोषाध्यक्ष संजीव गोयल ने कहा कि सीनियर जिला स्तरीय हाकी प्रतियोगिता में जिला की आठ टीमें भाग ले रही हैं। शुक्रवार, 25 जनवरी को माजरा खेल मैदान में स्पर्धा शुरू होगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष चुनाव एक को
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र चुनाव प्रभारी मनीष तोमर ने कहा कि एक फरवरी को चुनाव होंगे। लोक निर्माण विश्राम गृह शिलाई में शुक्रवार, एक फरवरी को चुनाव होने हैं। सुबह नौ से 11 बजे तक आवेदन पत्र जमा होंगे। इसके बाद छंटनी प्रक्रिया के बाद दोपहर को मंडल अध्यक्ष पद का चुनाव होगा।