राजगढ़ में छात्राओं के लिए स्कूल न होने से परेशानी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ में छात्राओं के लिए अलग दस जमा दो विद्यालय की सुविधा नहीं है। इससे उनको भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजगढ़ के एकमात्र सरकारी स्कूल में अत्यधिक विद्यार्थी हैं, जिससे यहां पढ़ाई करवा पाना कठिन हो रहा है। राजगढ़ में एकमात्र वैद्य सूरत सिंह स्मारक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है। इसमें 675 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें 366 छात्राएं और 309 छात्र शामिल हैं। यहां एक-एक कक्षा के कई सेक्शन बनाने पड़ रहे हैं। उसमें भी बच्चों की संख्या 60-70 तक पहुंच जाती है। जमा एक की कक्षा में 228 विद्यार्थी हैं। राजगढ़ जिला सिरमौर का काफी पुराना प्रशासनिक उपमंडल है, लेकिन यहां छात्राओं के लिए अलग स्कूल नहीं है। जबकि सराहां में काफी पहले से कन्या स्कूल है। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां अलग कन्या स्कूल की मांग करते रहे हैं, लेकिन अभी तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों जगदीश वर्मा, सुनील, अमर, ज्योति, अरुण आदि ने बताया कि लोगों को भाजपा सरकार से आस है। उन्होंने मांग की कि राजगढ़ में अगर छात्राओं के लिए अलग स्कूल खोला जाता है तो वर्तमान स्कूल का दबाव भी कम हो जाएगा।