रोहड़ू। देश व्यापी बंद को लेकर रोहड़ू के व्यापारी आपस में उलझ पडे़। व्यापारियों का एक वर्ग दुकानदारों को बंद के समर्थन की मांग को लेकर दुकानें बंद करवा रहा था। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने बंद में शामिल न होने को कहा। इस बीच व्यापारियों ने एक वर्ग ने व्यापार मंडल अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की है।
वीरवार सुबह करीब ग्यारह बजे तक रोहड़ू बाजार में केवल तीस प्रतिशत दुकानें बंद थी। इसके बाद व्यापार मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष सुमेश चौहान ने कुछ दुकानदारों के साथ बाजार को बंद करने के लिए व्यापारियों को प्रेरित किया। दुकानें बंद होने पर कुछ व्यापारियों ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशन बांष्टू को सूचित किया। उन्होंने दुकानदारों को बताया कि उन्हें बाजार बंद की कोई सूचना नहीं है। इसलिए दुकानदार दुकानें खुली रखें। इस बीच दुकानें बंद करने वाला व्यापारियों के एक धड़े ने अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद शाम करीब चार बजे तक पूरा बाजार बंद रहा।
सुमेश चौहान सहित करीब 43 व्यापारियों ने जारी बयान में आरोप लगाया व्यापार मंडल अध्यक्ष जबरन कुर्सी पर चिपके हुए हैं। तानाशाही से व्यापार मंडल को चलाने की कोशिश कर रहे हैं। ज्वेलर एसोसिएशन की हड़ताल के दौरान भी व्यापार मंडल की ओर से कोई सहयोग नहीं किया गया। मीट विक्रेताओं की समस्याओं को नहीं सुना जा रहा है। अध्यक्ष से इस्तीफे की मांग की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशन बांष्टू ने कहा व्यापार मंडल को बंद की कोई अधिसूचना नहीं जारी की गई है। उन्होंने कहा कोटखाई, चौपाल, सहित सभी कस्बों के बाजार खुले में कुछ लोग दुकानदारों को धमका कर जबरन बंद करवा रहे थे। उन्होंने व्यापारियों के समर्थन में उसका जरूर विरोध किया है। उन्होंने कहा इसलिए उन्होंने खिलाफ नारेबाजी की है।