रिवालसर (मंडी)। विकास खंड बल्ह की ग्राम पंचायत दसहेड़ा में छत से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। छत से गिरने के बाद व्यक्ति को घायल अवस्था में अस्पताल लाया जा रहा था। घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। 23 जून को हादसे में मारे गए व्यक्ति के बेटे की शादी थी।
दसहेड़ा पंचायत के जगदीश पुत्र हेत राम दुकान करते हैं। जसोमवार को वह अपने घर की चौथी मंजिल पर थे। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह नीचे गिर गए। लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को 108 में रत्ती अस्पताल लाया जा रहा था। इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, क्षेत्र के बल्ह कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, दसहेड़ा पंचायत के प्रधान ममता कुमारी, उप प्रधान धर्म सिंह, जिला परिषद सदस्य धनश्याम ठाकुर ने जगदीश की मौत पर शोक जताया है।