मंडी। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के राष्ट्रव्यापी कालाधन, भ्रष्टाचार विरोधी सांकेतिक आंदोलन की गूंज मंडी में भी प्रभावी रूप में गूंजी। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की मंडी इकाई ने ऐतिहासिक सेरी मंच पर से धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। इसमें युवाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इसके अलावा पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, जिला किसान पंचायत का भी सहयोग रहा। जबकि धार्मिक और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी पीछे नहीं रहे। सांकेतिक धरना प्रदर्शन के चलते सदस्यों ने एक विशाल रैली निकाली। इस दौरान विदेशों में जमा कालेधन और भ्रष्टाचार के विरोध में बैनर लेकर जमकर नारेबाजी की गई। जबकि बाबा रामदेव की मुहिम को भी पूर्ण समर्थन का ऐलान किया गया। सांकेतिक आंदोलन के चलते विभिन्न संस्थाओं के वक्ताओं ने कालाधन, भ्रष्टाचार और भ्रष्ट व्यवस्थाओं के विरोध में अपने-अपने विचार रखे। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के प्रांत संगठन मंत्री रोशन लाल ठाकुर ने कहा कि गलत तरीके से विदेशों में जमा कालाधन देश की जनता को मिलना उसका हक है। इसके लिए बाबा रामदेव के साथ एकजुट संघर्ष को अंजाम देंगे। इस अवसर पर मंडल प्रभारी खजाना राम, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला संयोजक विशाल गोयल, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी राणा रणपत सिंह, महिला जिला प्रभारी पदमा ठाकुर, जिला किसान पंचायत प्रभारी पुरुषोत्तम भाटिया सहित अन्य सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे।