पधर (मंडी)। नेशनल हाइवे मंडी-जोगिन्दर नगर के बीच नारला पेट्रोल पंप के पास एक मारुति कार अनियंत्रित होकर नीचे खेतों में लुढ़क गई। गाड़ी पदवाहन गांव की बताई जा रही है। इसे गाड़ी का मालिक तेज सिंह ड्राइव कर रहा था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मारुति कार नंबर एचपी-76-0674 में सवार चालक मालिक पदवाहन गांव से गाड़ी में तेल डालने नारला पेट्रोल पंप जा रहा था।
नारला पेट्रोल से दो मोड़ पीछे गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग डेढ़ सौ फीट नीचे खेतों में जा लुढ़की। हादसा शनिवार सायं करीब सात बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत स्पाट पर पहुंचे। उधर पधर थाना के मुख्य आरक्षी कुलदीप मियां भी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटना स्थल पहुंच गए थे। इस हादसे में घायल चालक तेज सिंह को उपचार के लिए स्थानीय लोगों ने पधर अस्पताल में भर्ती करवाया है। चालक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जोनल अस्पताल मंडी को रेफर कर दिया है। इसकी पुष्टि मामले की जांच कर रहे मुख्य आरक्षी कुलदीप ने की है।