सरकाघाट (मंडी)। धर्मपुर विस क्षेत्र की चार दर्जन पंचायतों में 100 दिनाें के लिए गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा पर निकले कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंद्रशेखर ने परिवहन मंत्री को निशाना बनाया।
चंद्रशेखर ने टौरखोला, कमलाह, डरवाड़, पपलोग, बसंतपुर और चोलथरा पंचायतों में घर-घर दस्तक दी। पत्रकार वार्ता में चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर के प्रतिनिधि ठाकुर महेंद्र सिंह के व्यवहार और कार्यशैली से जनता तंग है। सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को सरेआम अपमानित किया जा रहा है। गत दिन कमलाह के पास पहाड़ी गिरने से 45 वर्षीय मिल्खी राम की मृत्यु की जांच सार्वजनिक करने की भी मांग की। घटना के बाद मृतक का शव पुलिस के आने से पहले ही घटनास्थल से कमलाह पहुंचा दिया गया। जांच के लिए धर्मपुर पुलिस चौकी से टीम आई थी। संधोल पुलिस अगले दिन कार्रवाई में जुटी।
उन्होंने मौत की जांच को सार्वजनिक करने की मांग की। इस अवसर पर रघुवीर सिंह, ब्लाक युकां अध्यक्ष रितेश, पवन, विवेक ठाकुर आदि भी मौजूद थे। इधर, मिल्खी राम की मौत की जांच को लेकर डीएसपी सरकाघाट केडी शर्मा का कहना है कि पुलिस निष्पक्षता से अपना काम कर रही है।