चैलचौक (मंडी)। गर्मी की दस्तक से क्षेत्रवासियाें को जहां पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। वहीं बारिश न होने और मक्की बीजाई का समय निकलता देख किसान खासे चिंतित हैं। इसके लिए क्षेत्रवासी नाचन क्षेत्र के अराध्य देव कमरू नाग और देव बाला कामेश्वर बन्यूरी के मंदिरों में बारिश मांगने पहुंच रहे हैं।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत नांडी, छपराहण, बैला, बुराहटा, देलग, स्यांज, बस्सी, कासन, मौवीसेरी, कोटमोर्स, दुदर, रखून, बाल्हड़ी, चैलचौक सहित अन्य क्षेत्रों के लोग देव बन्यूरी के मंदिर पहुंच कर बारिश के लिए विशेष पूजा अर्चना कर रहे हैं। लोगों की मान्यता है कि देव बन्यूरी लोगों की फरियाद को बारिश के देवता बड़ा देव कमरूनाग तक पहुंचाते हैं। देव कमेटी के सदस्य पाल शर्मा, कटवाल, उत्तम चंद, शिव राम ने बताया कि स्थानीय लोगों सहित आसपास के इलाकों के लोग पिछले चार-पांच दिनों से बारिश की फरियाद लेकर देवता के पास पहुंच रहे हैं।
देवता के गूर नेत्र सिंह और पुजारी कन्हैया लाल देव शक्ति के माध्यम से लोगों की फरियाद देवता तक पहुंचाता रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों में भूपेंद्र सिंह, झाबे राम, ठाकर दास, हीरा लाल, तेज सिंह, रमेश, पूर्ण चंद, सुभाष, मंदिर कमेटी प्रधान वेद प्रकाश गुप्ता, छपराहण के प्रधान रूप लाल, उप प्रधान वेद कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि देव बन्यूरी लोगों की हर मांग पूरी करते हैं। जब जब क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया है तथा लोगों ने बारिश के लिए देवता से गुहार लगाई। देवता ने लोगों की फरियाद पूरी की है।