मंडी। सराज कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की दौड़ में अब सेवानिवृत्त कमांडेंट भी शामिल हो गए हैं। सराज के केलोधार निवासी लाल सिंह ठाकुर ने सराज में विस क्षेत्र से आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए लाल सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 14-15 सालों से सराज विधान सभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी हार रही है। क्षेत्र में विकास और मूलभूत सुविधाएं न के बराबर है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाओं की कमी है। साढ़े चार के बाद मंत्री और नेतागण उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। सराज की जनता अब अपने क्षेत्र की कमान एक फौजी के हाथ में सौंपना चाहती है। पिछले डेढ़ दो महीने से वे क्षेत्र में जनचेतना और जन जागरण अभियान के तहत गांव-गांव लोगों के पास जाकर संपर्क कर रहे हैं।
लाल सिंह जुलाई, 2009 में एसएसबी से सेवानिवृत्त हुए हैं। अपनी 35 साल की सेवा के दौरान वे एसपीजी जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में रह चुके हैं। वहीं पर चार प्रधानमंत्रियों की सुरक्षा का दायित्व भी संभाल चुके हैं। मंडी के वल्लभ महाविद्यालय से स्नातक लाल सिंह ठाकुर को राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा मेडल से नवाजा गया है।
वहीं पर हिमोत्कर्ष संस्था की ओर स्व. कैप्टन विक्रम बतरा अवार्ड से नवाजा गया है। स्व. प्रधान मंत्री राजीव गांधी की ओर से उन्हें प्रशस्तिपत्र प्रदान किया गया है। ठाकुर अब सराज की जनता के हित में राजनीति के मोर्चे की कमान संभालने को तैयार हैं। उनके साथ पूर्व बीडीसी चेयरमैन खेम सिंह ठाकुर, सराज पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान थुनाग मोहन सिंह, सराज कांग्रेस सेवादल के संयोजक रामचंद्र भी मौजूद थे।