सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट कांग्रेस की लड़ाई अब खुलकर सामने आने लगी है। मंगलवार को जिला कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर भ्रष्टाचार विराधी रैली में सरकाघाट मंडल कांग्रेस कार्यकारिणी के नदारद रहने पर शहरी कांग्रेस कमेटी ने कड़ा संज्ञान लिया है। समस्त कार्यकारिणी को त्याग पत्र देने के साथ-साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर को इस पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
शहरी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व नप उपाध्यक्ष अश्वनी गुलेरिया, महासचिव विनोद कुमार वर्मा ने जिलाध्यक्ष को भेजे पत्र में कहा है कि जिला कांग्रेस के आग्रह पर समस्त कार्यकर्ताओं चिलचिलाती धूप में जिला मुख्यालय पहुंचे। सरकाघाट विस क्षेत्र से कई अहम पदों पर बैठे नेता समस्त ब्लाक मंडल कार्यकारिणी रैली में पहुंचने के बजाए घरों में आराम करते रहे। उन्होंने ब्लाक पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे पार्टी के लिए काम करें। यदि नहीं कर सकते तो अपने पद छोड़ दें।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ब्लाक पदाधिकारी सरकाघाट विस में कांग्रेस के लिए कोई भी कार्य नहीं कर रहे हैं। जो लोग केंद्र सरकार की प्रदेश सरकार को दी जा रही योजनाओं एवं सौगातों को जनजागरण अभियान शुरू करके गांव-गांव जाकर पार्टी हित में कार्य कर रहे हैं। उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। इन सब की शिकायत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह, प्रदेश प्रभारी बीरेंद्र चौधरी को भेजी जाएगी।