मंडी। नाबालिग लड़की को अगवा करने वाले युवक को पुलिस के पीओ सैल ने लड़की के साथ चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। धर्मपुर चौकी में दर्ज इस मामले में पुलिस के हाथ कुछ न लगने के बाद मामला पुलिस के पीओ सैल को करीब 15 दिन पहले सौंपा गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए पीओ सैल ने आरोपी को लड़की के साथ चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विपन कुमार उर्फ कालू पुत्र सोहन सिंह निवासी बणी का रहने वाला है। आरोपी सितंबर 11 को नाबालिग लड़की मधू (काल्पनिक नाम) निवासी लौगणी को अगवा कर ले गया था। इसके बाद लड़की के परिजनों से इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी। लंबे समय तक छानबीन करने के बाद जब पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा तो करीब 15 दिन पहले इस मामले को पुलिस के पीओ सैल को सौंपा गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए पीओ सैल ने पठानकोट, जालंधर, फगवाड़ा, मनाली में छापामारी करने के बाद आरोपी को गुरुवार सुबह चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। पीओ सैल की टीम में अशोक कुमार, रमेश ठाकुर, केहर सिंह, महेंद्र, स्वामी और गिरधारी शामिल थे।
एसपी मंडी अभिषेक दुल्लर ने बताया कि पुलिस के पीओ सैल ने लड़की को अगवा करने वाले विपन कुमार उर्फ कालू को लड़की के साथ चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। लड़की की मेडिकल जांच के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।