पधर (मंडी)। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने जिला मुख्यालय में निकाली भ्रष्टाचार विरोधी रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूर्व मंत्री विधायकों के नदारद रहने पर नाराजगी जताई।
पधर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के अहम पदों पर आराम फरमाने बैठे ऐसे पदाधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इनकी शिकायत राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र चौधरी और प्रदेश कांग्रेस हाईकमान को पत्र भेजा जाएगा। आज पार्टी का आम कार्यकर्ता भूखे प्यासे पार्टी का दिन रात काम कर रहा है। लगभग 250 किमी दूर से मंडी पहुंचकर पार्टी की गतिविधियों में हिस्सा लेने पहुंचे। खेद की बात है कि कुछेक पूर्व विधायक, मंगलवार की रैली में भाग न लेकर घर पर आराम फरमाते रहे।
मंडी रैली में नदारद रहने वाले पदाधिकारियों और पूर्व विधायक, मंत्रियों को सप्ताह में कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाबतलबी होगी। उनके साथ जिला कांग्रेस प्रवक्ता होशियार चावला, भादर सिंह मुगलाना, जीवन ठाकुर, युवा कांग्रेस के संसदीय महासचिव सुरेश कुमार, प्रेम सिंह ठाकुर मौजूद थे।