उरला (मंडी)। कृषि विभाग द्रंग ब्लाक के सौजन्य से बुधवार को वन विश्राम गृह उरला में एक दिवसीय कृषक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बीडीसी सदस्य एवं द्रंग भाजपा महामंत्री मोहन सिंह ठाकुर ने की।
इस दौरान कृषि विषयवाद विशेषज्ञ पधर कृष्ण चंद ठाकुर ने किसानों को विभाग के तहत सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं किसानों को नि:शुल्क बीज वितरण भी किया गया। उन्होंने कहा कि गंदम की फसल समेटने के उपरांत किसान मक्की की बिजाई की तैयारियों में हैं। बिजाई से पहले खेतों को सुहागा कर खरपतवार को पूरी तरह नष्ट कर लें। बिजाई दौरान बीज के पर्याप्त अंतर की तकनीक भी बताई। साथ ही किसानों के लिए शुरू पंडित दीनदयाल किसान-बागवान समृद्धि योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस दौरान कृषि विकास अधिकारी डा. पूरन चंद तथा कृषि प्रसार अधिकारी राजेश कुमार ने भी किसानों को कृषि की नवीनतम जानकारी दी। इस मौके पर पंचायत प्रधान कविता ठाकुर, उप प्रधान टेक सिंह ठाकुर, वार्ड सदस्य मीना शर्मा, कमला देवी, रेलमा देवी, किसान यूनियन उरला के प्रधान ठाकर सिंह पालसरा सहित लगभग 60 किसानों ने भाग लिया।