सरकाघाट (मंडी)। मसरेन पंचायत के रसेहड़ गांव में एक महिला की जहरीली दवा के सेवन से मौत हो गई। महिला ने गलती से पेट दर्द की दवा के स्थान पर अलमारी में पड़ी जहरीली दवा का सेवन कर लिया था। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने जहरीली दवा का गलती से सेवन कर महिला की मौत होने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस को परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सावित्री देवी (53) पत्नी कश्मीर सिंह निवासी रसेहड़ को बीती रात अचानक पेट दर्द उठी। इस पर मृतका ने अलमारी में पड़ी जहरीली दवा को ही पेट दर्द की दवा समझकर निगल लिया। जहरीला दवा का सेवन करने के कुछ देर बाद उसे उल्टियां शुरू हो गई। इस पर परिवारजन उसे नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले गए। लेकिन वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जोनल अस्पताल मंडी के लिए रेफर कर दिया। मगर, रेफर अस्पताल के लिए निकलने से पहले ही मृतका ने दम तोड़ दिया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने पुलिस को केस के बारे में सूचित किया। मौके पर पहुंची सरकाघाट पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर ही मामला दर्ज कर लिया है। इधर, घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट केडी शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।