मंडी। एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन की बैठक भीमाकाली मंदिर परिसर मंडी में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष प्यारे लाल कश्यप ने की। बैठक में कंडक्टर यूनियन ने कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से लिए निर्णय का पुरजोर समर्थन किया है। साथ ही कर्मचारियों की मांगों पर अनदेखी को लेकर निगम के प्रति रोष जाहिर किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि निगम का कर्मचारी वर्ग दिन-रात कार्य कर रहा है। लेकिन जब बात उसके वेतन एवं भत्तों की अदायगी की आती है तो घाटे का रोना रोकर निगम कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रहा है। निगम के इस रवैये का कंडक्टर यूनियन कड़ा विरोध करती है। कंडक्टर यूनियन ने फैसला लिया है कि 5 जून को पूर्ण रूप से संघर्ष समिति के निर्णय को समर्थन दिया जाएगा।
इस अवसर पर केलांग क्षेत्र के प्रधान सोहन लाल, कुल्लू से महासचिव बेली राम, रोहड़ू प्रधान दलीप शर्मा, रामपुर प्रधान अहेम सिंह, भूपेंद्र सिंह, नालागढ़ प्रधान राम लोक, अमरजीत सिंह, बिलासपुर से सरवण कुमार, नाहन प्रधान तुलसी राम, सोलन से महासचिव चंद्रमणि, ऊना प्रधान छोटू राम, सुंदरनगर प्रधान युवराज, राकेश कुमार, तेज सिंह, मंडी क्षेत्र के प्रधान विश्वनाथ, बीरीं सिंह सकलानी, मोहम्मद इमत्याज़, मंडी अध्यक्ष देवराज आदि भी मौजूद थे।