मंडी। सरकाघाट उपमंडल के इलाका संधोल की गवैला पंचायत के दो अलग -अलग अग्निकांडों में लाखों की संपत्ति जलकर स्वाह हो गई। गवैला पंचायत के गांव छेज में प्रेम चंद कश्यप पुत्र स्वर्गीय संत राम की गोशाला को रविवार आधी रात को जंगल में लगी आग ने अपनी चपेट में ले लिया और इसने इसे एक घंटे में ही स्वाहा कर डाला।
तेज लपटों और पानी की कमी के चलते कोई भी प्रयास आग पर काबू पाने का सफल नहीं हो सका। प्रेम चंद कश्यप के अनुसार उसकी गोशाला में दो लाख की इमारती लकड़ी ही रखी हुई थी। इसके अलावा घास और दूसरा सामान भी था। पशु बाहर बंधे होने के कारण बचा लिए गए। मगर इसमें चार लाख से भी अधिक की क्षति हो गई। साथ लगते जंगल में आग लगी हुई थी, जो हवा एवं तूफान से गांव की ओर आ गई और गोशाला को चपेट में ले लिया।
एक अन्य घटना में गवैला पंचायत के ही बिंद बकारी गांव में रत्न चंद मंढोत्रा पुत्र गुंसाई राम के मकान में सोमवार सुबह के समय अचानक आग भड़क गई। इसमें पूरा मकान जलकर राख हो गया। घर से कुछ भी निकाला नहीं जा सका है। पूरा परिवार बेघर हो गया है। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है दोनों ही मामलों के अग्नि प्रभावितों को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दी जाए।