पंडोह (मंडी)। पंडोह बाजार के नजदीक पुलिस कालोनी के पास रविवार सुबह एक मारुति कार एचपी-32वी-1200 गाय को बचाने के चक्कर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में कार में बैठे मां-बेटे को चोटें आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार मालिक उपेंद्र कुमार एवं उनकी माता तारा देवी द्रंग के बदार स्थित सोना सिघांयन न्यूल माता मंदिर में माथा टेक स्यांज स्थित मुरटन अपने घर जा रहे थे। इस बीच कालोनी के समीप कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार करीब पांच मीटर दूरी पर स्थित पुलिस आवास में जा घुसी। उस समय वहां कोई भी मौजूद नहीं था अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में दोनों मां-बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं। दोनों घायल खतरे से बाहर हैं। इधर, थाना प्रभारी रामलाल ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन जारी है।