पधर (मंडी)। प्रदेश की संस्कृति वर्तमान सरकार के हाथों सुरक्षित नहीं है। राज्य सरकार ने दोनों हाथों से प्रदेश की संपत्ति को लूटाते हुए पर्यावरण को क्षति पहुंचाई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर ने पधर के समीप माता जालपा भगवती को समर्पित दो दिवसीय बसेहड़ मेला के समापन समारोह की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार प्रदेश की संस्कृति को भी तहस नहस करने में जुटी है। यहां के प्राचीन मंदिरों के रख रखाव एवं जीर्णोद्धार की ओर सरकार कोई सुध नहीं है। भाजपा सरकार ने प्रदेश के प्राचीन मंदिरों को मात्र आय का साधन बना दिया है। मेले प्रदेश की अनमोल संस्कृति की प्राचीन विरासत है। इन्हें संजोए रखना हमारा कर्तव्य बनता है। आज देवी देवता इन मेलों को संजोने में अपना अहम भूमिका अदा कर रहे हैं तो ऐसे में मानवता क्यों पीछे है।
उन्होंने बसेहड़ मेला के ग्राउंड निर्माण को डेढ़ लाख की राशि प्रदान की। उन्होंने मेला की शोभा बढ़ाने आए देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर उन्हें चादर भेंट की विदाई दी। महिला मंडल एवं स्कूली बच्चों को 2500 रुपए सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान किया। इस मौके पर द्रंग ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंदर गुलेरिया, ओम प्रकाश ठाकुर, सरोज कुमारी, द्रंग कांग्रेस के प्रवक्ता कामेश्वर चौहान, रोशन महंत, गीता देवी, भूप सिंह धरवाल, इंटक नेता श्रवण कुमार, एमसी चौहान, रमेश कुमार, योग राज आदि मौजूद थे।