उरला (मंडी)। हिमाचल किसान यूनियन द्रंग ब्लाक ने किसानों को धान और मक्की का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर मुहैया करवाने की मांग की है। गत तीन-चार सालों से भारी बारिश, तूफान और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों की खासी तबाही हुई है। इससे किसानों का खासा आर्थिक नुकसान हुआ है। सरकार और प्रशासन की ओर से प्रभावित किसानों को कोई मुआवजा नहीं मिला।
विकास खंड कार्यालय पधर के सभागार में आयोजित किसान यूनियन की बैठक में ब्लाक प्रधान लाभ सिंह ठाकुर ने कहा कि गत तीन-चार वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं के चलते किसानों की स्थिति दयनीय हुई है। इसके चलते लोग अब फसल बुवाई से कतराने लगे है। पधर उपमंडल के अंतर्गत इस बार गंदम की व्यापक पैदावार होने के बावजूद ओलावृष्टि से दाना छिटक गया। इसके मुआवजे की गुहार यूनियन ने कृषि विभाग और सरकार से उठाई है। गत माह मुख्यमंत्री के पधर दौरे के दौरान भी यूनियन प्रतिनिधियों ने यह मुद्दा मुख्यमंत्री से उठाया था। अभी इस दिशा में कोई राहत किसानों को नहीं मिल पाई है। इससे किसानों में आक्रोश फैला हुआ है। उन्होंने धान और मक्की के बीज में भी किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान देने की मांग सरकार से की है। इस दौरान लच्छमण दास पालसरा और सुबेदार ठाकुर सिंह सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।