पंडोह (मंडी)। द्रंग क्षेत्र की तीन पंचायतों में तेंदुए का आतंक है। यहां की शिवा, दयोरी तथा नागधार में तेंदुआ दिन के समय भी घूमता रहता है। इससे परिजन अपने बच्चों को दिन में स्कूल भेजने से कतराने लगे हैं। स्थानीय निवासी मोहन लाल ठाकुर, तारा चंद थटा, बीरबल डोगरा ने बताया कि अंधेरा होते ही लोगों ने घरों से निकलना बंद कर दिया है। क्षेत्र के गांवों थटा, सुमा, सतयूर, तुंधला, दयोरी, शिवा, नागधार आदि में तेंदुआ कई पालतू कुत्तों को अपना निवाला बना चुका है। वहीं गांव थटा निवासी पीरा कृषक एवं उदय राम की भेड़े, सूमा गांव के नारायण की गाय को भी तेंदुए ने निवाला बनाया है। उधर, बीओ वन विभाग बदार नागेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है। तेंदुए के पकड़ने के लिऐ पिजरें की भी व्यवस्था की गई है। जिन कृषकों को नुकसान हुआ है, उनको विभाग राहत राशि देने की व्यवस्था कर रहा है।