कुल्लू। परिसीमन के बाद कुल्लू जिला में उभर कर सामने आई नई सियासी तस्वीर में टिकटार्थियों की लंबी लाइन है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में टिकट पर दावेदारी जताई है।
भाजपा में जिला भाजपा अध्यक्ष राम सिंह समेत महामंत्री प्रताप ठाकुर, कुल्लू नगर परिषद के अध्यक्ष ऋषभ कालिया और मनाली मंडल के महामंत्री अरविंद चंदेल टिकट पर अपनी दावेदारी जता चुके हैं। महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा अंबिका सूद भी टिकट की दौड़ में जानी जा रही है।
कांग्रेस में दो ठाकुरों के बीच सीधी जंग छिड़ी है। पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर और सुंदर सिंह ठाकुर दोनों ने ही अपने-अपने जन्म दिवस पर शानदार आयोजन करते हुए अपनी ताकत दिखाई है। नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष गोपालकृष्ण महंत भी टिकट की दौड़ में हैं। प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रेमलता ठाकुर ने भी जन संपर्क अभियान चलाकर चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। अब कांग्रेसी महिला नेत्री रेणुका डोगरा ने कुल्लू सदर से टिकट पर दावेदारी जताकर खलबली मचा दी है। साल 1998 के विधानसभा व में खुद वीरभद्र सिंह ने रेणुका डोगरा का नाम टिकट के दावेदारों के पैनल में शामिल किया था। रेणुका ने चुनावी दंगल में कूदने का ऐलान किया है।