कुल्लू। चालक-परिचालक महासंघ कुल्लू के कर्मचारियों ने मांगों को लेकर बस स्टेंड कुल्लू में धरना प्रदर्शन किया। चालक-परिचालक कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह ने इस मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार महासंघ की पिछले कई वर्षों से लंबित मांगों को पूरा नहीं कर पा रही है। इस कारण कर्मचारियों ने आठ घंटे ही ड्यूटी देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री चालक-परिचालक की मांगों पर कोई गौर नहीं कर रहे है। उनकी मांगें परिवहन विभाग को रोडवेज में परिवर्तन करना, निजी रूट परमिट देने तथा सभी वाहनों का अवैध संचालन रोका जाए। वर्षों से कार्य कर रहे बुकिंग एजेंटाें, बाशर ब्वाय तथा पिसमेल में कार्य कर रहे वर्करों को निगम में समायोजित किया जाए। अनुबंध कर्मचारियों को तीन वर्ष पूर्ण करने पर नियमित करें, पेंशन व सेवारत कर्मचारियों के सभी देय वित्तीय लाभ जारी किए जाएं। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि कर्मियों के जीपीएफ से बिना अनुमति के प्रबंधन ने 73 करोड़ खर्च दिए है। पांच जून को कर्मचारी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
इस मौके पर अनुबंध कर्मचारी संगठन के उपाध्यक्ष जसंवत सिंह, महेन्द्र सिंह, मुरारी लाल, इशर सिंह ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।