केलांग/ कुल्लू। भ्रष्टाचार और काले धन को लेकर पतंजलि योग समिति और अन्ना टीम की रविवार को आयोजित सांकेतिक आंदोलन को जबरदस्त समर्थन मिला है। लाहौल स्पीति समेत कुल्लू में भी इस सत्याग्रह के समर्थन में 12 घंटे का सांकेतिक अनशन किया गया।
पतंजलि योग समिति लाहौल इकाई के कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों ने केलांग में रैली का आयोजन किया। इस दौरान समर्थकों ने तिरंगा लहराते हुए काला धन वापस लाओ और भ्रष्टाचार खत्म करो के उद्घोष से मार्च किया। भारत स्वभिमान के जिला संयोजक राजीव कुमार ने स्वामी रामदेव और अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ के शुरू किए आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। किसान पंचायत के जिला संयोजक रणवीर सिंह ने कहा कि कृषि कार्यों की व्यवस्था के बावजूद लोगों ने आंदोलन का पूरा समर्थन दिया।
पतंजलि योगदान समिति लाहौल इकाई के जिला अध्यक्ष मंगलचंद मानेपा ने कहा कि योग समिति के दिशा-निर्देश पर जनजातीय जिला में भी रविवार को एक दिन की संकेतिक अनशन और मार्च पास किया गया है। कार्यकर्ताओं ने सुबह छह से लेकर शाम छह बजे तक एक दिन का संकेतिक अनशन किया। उधर, कुल्लू के ढालपुर मैदान में राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह आंदोलन का आयोजन किया गया। अन्ना हजारे टीम के जिला प्रतिनिधि यादवेंद्र कपूर और हरीश कुठारिया ने इस दौरान अपने विचार रखे। उन्होंने जनता से अपील की है कि रामदेव और अन्ना के इस आंदोलन में अपना पूरा समर्थन दे। मंच का संचालन करते हुए बालक राम ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आज समाज एकजुट हो रही है।
इस मौके पर पंडित जगन्नाथ, नन्दलाल, रविन्द्र कौशल, चांद स्वरूप, मोहर सिंह ठाकुर, गिरिधारी लाल, राजकुमार जैन, कृष्ण लाल, दीवान, विमला ठाकुर, शकुंतला, विशंभर, बंती शर्मा, मुर्तू देवी, कमला शर्मा, रमन जैन, अनोख राम ने अपने विचार रखे।