कुल्लू। देवभूमि कुल्लू में दो जून से तीन दिवसीय भक्ति सत्संग और गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सुधांशु जी महाराज प्रवचन देंगे। सुधांशु महाराज के इस तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर विश्व जागृति मिशन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधान पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले सत्र का शुभारंभ दो जून को 4.30 बजे होगा। दूसरा सत्र 3 जून को सुबह साढ़े आठ से 11 बजे तक और शाम 4.30 से 7 बजे तक होगा। 4 जून को सुबह 11 बजे मंत्र दीक्षा का कार्यक्रम होगा। सुबह आठ से 11 बजे तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें गुरु दर्शन, पाद पूजन और सत्संग का कार्यक्रम रखा है। मिशन के सचिव अखिलेश कपूर ने बताया कि इस कार्यक्रम में करीब दस हजार श्रद्धालु भाग लेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए कमेटियों का गठन कर लिया है। इनमें प्रचार सेवा समिति, पार्किंग सेवा समिति, पंडाल सेवा समिति आदि प्रमुख हैं।
पवन गुप्ता ने बताया कि विश्व जागृति मिशन देश में समाज सेवा की विभिन्न गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। मिशन ने 1700 अनाथ बच्चों को गोद लिया है।