मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में जून का महीना संगीत से सराबोर रहेगा। सप्ताह के दो दिन शुक्रवार और शनिवार को मनाली में सुरों की महफिल सजेगी। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस साल मनाली समर सनडाउनर्स..उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पहली जून से कार्यक्रम का आगाज होगा। इस दौरान पारंपरिक और आधुनिक संगीत, कलाओं, फोटोग्राफी, वृत्तचित्रों तथा अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
‘ग्रीन’ थीम पर आधारित मनाली समर सनडाउनर्स.. हिमाचल का सबसे बड़ा संगीत और कला महोत्सव है। यह भारत में जिम्मेदारी पूर्ण यात्रा और कंसर्ट टूरिज्म के कांसेप्ट को बढ़ावा देने के मकसद से आयोजित किया जा रहा है। नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष रूप सिंह नेगी ने कहा कि वास्तव में सितारे मनाली समर सनडाउनर्स.. के लिए एक पंक्ति में आ गए हैं। इससे हमें एक बहुत अच्छा मौका मिला है कि हम अपनी गौरवशाली संस्कृति को दर्शा सकेंगे। उत्सव में भारत के कुछ जानेमाने और उभरते बैंड्स का अभूतपूर्व संगम देखने को मिलेगा। इसमें जैसे- रॉक वेदा, हाइवे 61, ऋ षि इंक, काश, अश्वमेध, एफ बीआई- द वर्बल प्रोफेट्ज़, हंड्रेड ऑक्टेन, द मंगल्ज, अस्तित्व जैसे दल भाग ले रहे हैं।
इनके अलावा इस उत्सव में स्थानीय कलाकार और संगीतकार भी अपना कला का प्रदर्शन करेंगे। विवेक ने कहा कि मनाली समर सनडाउनर्स में न केवल यहां के समृद्ध और विविधतापूर्ण संगीतमय विरासत का उत्सव मनाया जाएगा बल्कि हर पर्यटक को इस खूबसूरत शहर के बेहतरीन मौसम में डूबो कर आनंद मनाने का मौका भी मिलेगा। संगीत कार्यक्रम शाम पांच से नौ बजे तक रहेगा। रात साढे़ नौ से साढ़े दस बजे तक सोल फिल्म फेस्टिवल होगा।