कुल्लू। पुलिस ने नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चरस तस्करों के खिलाफ अभियान छेड़ते हुुए जोरदार तलाशी ली जा रही है। अफीम की खेती करने वालों पर भी पुलिस शिकंजा कस रही है।
गांवों में दबिश देकर चरस और अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देते हुए जहां 50 ग्राम चरस पकड़ी है, वहीं कई बीघा भूमि पर बिजी अफीम की फसल को भी नष्ट किया है। मनाली थाना के तहत पुलिस ने एक व्यक्ति से 50 ग्राम चरस बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक एएसआई महंत राम की अगुवाई में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान नेहरू कुंड के पास गश्त दे रही पुलिस को मनाली की ओर आ रहे एक व्यक्ति पर शक हुआ। मझाच गांव के राम चंद को जब तलाशी के लिए रोका तो उसके कब्जे से 50 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
उधर कुल्लू थाना के तहत हेड कांस्टेबल नेत्र सिंह की अगुवाई में एक दल ने आज अफीम उखाड़ो अभियान के तहत शिल्लीगड़ सेर में दबिश दी। यहां जिंदी गांव में लगभग पांच बीघा भूमि पर अफीम की खेती की गई थी। पुलिस ने करीब 20 हजार अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट किए। इसी टीम ने जब विशेष अभियान के तहत लियानी गांव में दबिश दी तो लगभग दो बिस्वा भूमि पर दो हजार अफीम के पौधे देखे गए। यहां भी पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी संदीप धवल ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों नहीं बख्शा जाएगा।