कुल्लू। महिला और बाल कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रही कुल्लू की स्वयंसेवी संस्था हिमाचल प्रदेश महिला कल्याण मंडल ने नलाच स्कूल में चित्रकला स्पर्धा का आयोजन किया। चौथी और पांचवीं कक्षा के बच्चों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में चौथी कक्षा की यशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। पांचवीं कक्षा की सीता ने दूसरा और चौथी कक्षा की साक्षी ने तीसरा स्थान पाया। प्रतियोगिता में लगभग 40 बच्चों ने भाग लिया।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक प्रदीप शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार बांटे। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए महिला कल्याण मंडल की सराहना करते हुए शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। परियोजना अधिकारी शालिनी वत्स खिमटा ने बताया कि उनकी संस्था महिला और बाल कल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। यह संस्था जननी सुरक्षा योजना, शिक्षा का अधिकार, सर्व शिक्षा अभियान, किशोरी योजना और अन्य योजनाओं का लाभ महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों तक पहुंचाने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है।