कुल्लू। प्रदेश भाजपा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। भ्रष्टाचार के मसले पर भाजपा को घेरते हुए पहले महेश्वर सिंह ने पार्टी छोड़ी अब धामी चले गए। कुछ साल पहले शिमला में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ भाजपा में शामिल होकर धमाका करने वाले धर्मवीर धामी ने मंगलवार को कुल्लू में पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। इसके अलावा कुछ अन्य नेताओं ने भी पूर्व में भाजपा से किनारा किया है। इसमें नवीन धीमान और केडी धर्माणी शामिल रहे हैं।
पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के भाजपा से किनारे करने के बाद कई अन्य नेताओं ने भी कुल्लू जिला भाजपा का साथ छोड़ दिया था। अब भाजपा के प्रदेश कार्य समिति के सदस्य धर्मवीर धामी ने भी भाजपा छोड़कर पार्टी को तगड़ा झटका दिया है। धामी के भाजपा छोड़ने के बाद अब जिला में कुछ और नेताओं के भाजपा छोड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। इन नेताओं का कहना है कि भाजपा में वरिष्ठ लोगों की अनदेखी हो रही है। धर्मवीर धामी का कहना है कि भाजपा में शामिल करते वक्त उनसे जो वादे किए थे उन पर ध्यान नहीं दिया गया। कुल्लू में पूर्व जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री वीरचंद, पूर्व जिला अध्यक्ष आलम चंद और पूर्व मडंल अध्यक्ष दीपलाल भाजपा का दामन छोड़ चुके हैं।
कार्यकर्ताओं का होता है सम्मान : सिंह
भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि पार्टी छोड़ना धर्मवीर धामी की व्यक्तिगत राय है। उन्होंने धर्मवीर धामी के कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाता है।