भल्यानी (कुल्लू)। चुनावी साल क्या आया टिकट के दावेदारों की भी फौज खड़ी हो गई है। परिसीमन में बाद कुल्लू से कटकर मनाली अलग विधानसभा बन गई है। वर्तमान विधायक का घर अब मनाली में है। वह मनाली से चुनाव लडे़ंगे। ऐसे में टिकट को लेकर कुल्लू में नए चेहरे सामने आए हैं। कुल्लू सदर में टिकट की दौड़ में सबसे ज्यादा नेता लगघाटी से ताल्लुक रखने वाले हैं। अधिकतर नेताओं के लगघाटी में अपने पुश्तैनी घर हैं। ऐसे में कुल्लू सदर की राजनीति एक तरह से लगघाटी पर फोकस हो गई है। सभी नेताओं ने बाकायदा जन संपर्क अभियान भी छेड़ दिया है।
पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर को ही लें तो उनका लगघाटी के जठानी में पश्तैनी घर है। कांग्रेस के प्रदेश डेलिगेट सुंदर सिंह ठाकुर शालंग गांव से ताल्लुक रखते हैं। दोनों में टिकट को लेकर कांटे की टक्कर है। यहीं के नेता बाला राम ठाकुर का दलीघाट में पुश्तैनी घर है। उन्होंने जन संपर्क अभियान छेड़ते हुए बाकायदा पार्टी हाईकमान को पत्र लिखते हुए टिकट पर अपनी दावेदारी भी जता दी है। पत्राचार करते हुए उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से समर्थन की भी अपील करनी शुरू कर दी है।
जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष सेस राम भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक खुलकर दावेदारी नहीं जताई हैं। उनका पुश्तैनी घर भी लगघाटी के बरेहड़ाग्रां में है। भुट्ठी गांव के कांग्रेस नेता नवल ठाकुर ने भी टिकट पर दावेदारी जताई है। भाजपा में जिला भाजपा के महामंत्री प्रताप ठाकुर भाजपा टिकट की दौड़ में शामिल हैं। उनका घर भी लगघाटी के शालंग में ही है। कुल्लू से भाजपा के जिलाध्यक्ष राम सिंह और नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने भी खुलकर टिकट पर दावेदारी जताई है। अरबिंद चंदेल ने भी जन संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। बहरहाल, लगघाटी से टिकट के तलबगार बढ़ने से कुल्लू सदर की राजनीति एक तरह से लगघाटी पर फोकस हो गई है।